बगहा: रामनगर थाना क्षेत्र के मुड़ीला नेपाली टोला में दिनदहाड़े एक युवक की हत्या का मामला सामने आने के बाद इलाके में सनसनी फैल गई। वारदात के बाद मृतक के परिवार में कोहराम मच गया, जबकि गांव में मातमी सन्नाटा पसरा हुआ है। मृतक की पहचान मुड़ीला नेपाली टोला निवासी हरिंदर यादव के 35 वर्षीय पुत्र ओम यादव के रूप में हुई है। परिजनों के मुताबिक, ओम यादव का कुछ लोगों के साथ लंबे समय से विवाद चल रहा था।
मृतक के मामा अर्जुन यादव ने आरोप लगाया कि पुरानी रंजिश के चलते मुकंदर यादव, नन्हक यादव और दीपू यादव ओम यादव को उसके घर से बुलाकर अपने साथ ले गए। परिजनों का आरोप है कि इसके बाद तीनों ने मिलकर ओम यादव की हत्या कर दी। आरोप है कि हत्या के बाद आरोपित शव को वापस लेकर आए और ओम यादव के घर के दरवाजे पर फेंककर फरार हो गए। घर के बाहर शव पड़ा देखकर परिजनों के होश उड़ गए।
घटना की जानकारी मिलते ही परिवार में चीख-पुकार मच गई और देखते ही देखते बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए।


मृतक के मामा अर्जुन यादव ने बताया कि ओम यादव और आरोपित पक्ष के बीच काफी समय से विवाद चल रहा था। उन्होंने कहा कि दोनों पक्षों के बीच पहले भी मारपीट की घटना हो चुकी है। इसी विवाद से जुड़ा मामला न्यायालय में विचाराधीन है। परिजनों का आरोप है कि इसी पुरानी रंजिश को लेकर ओम यादव को निशाना बनाया गया। हालांकि, हत्या के पीछे की वास्तविक वजह और घटना में किसकी भूमिका है, यह पुलिस जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा।
पुलिस ने परिजनों द्वारा लगाए गए आरोपों को जांच के दायरे में रखा है।
घटना की सूचना मिलने के बाद रामनगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कागजी प्रक्रिया पूरी की और पोस्टमार्टम के लिए बगहा अनुमंडलीय अस्पताल भेज दिया। घटनास्थल का जायजा लेने के साथ पुलिस ने आसपास के लोगों से भी पूछताछ की है। मृतक की भाभी प्रिया कुमारी ने रामनगर थाने में आवेदन देकर आरोपितों के खिलाफ कार्रवाई और परिवार को न्याय दिलाने की मांग की है। रामनगर थानाध्यक्ष महेंद्र कुमार ने बताया कि मृतक और आरोपित पक्ष के बीच पहले से विवाद चल रहा था और मामला न्यायालय में विचाराधीन है। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच कर रही है।
थानाध्यक्ष के अनुसार, घटना में शामिल लोगों के खिलाफ आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी। आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर छापेमारी की जा रही है। पुलिस का कहना है कि जांच के दौरान सामने आने वाले तथ्यों और साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई होगी। घटना के बाद इलाके में तनाव का माहौल है और ग्रामीणों की नजर पुलिस की कार्रवाई पर टिकी हुई है।

















