बगहा। पश्चिम चंपारण के बगहा से बड़ी खबर है, जहां स्वास्थ्य विभाग ने गांधीनगर स्थित आनंद हॉस्पिटल के खिलाफ कार्रवाई करते हुए उसका रजिस्ट्रेशन रद्द कर दिया है। स्वास्थ्य विभाग की इस कार्रवाई से निजी अस्पताल संचालकों में हड़कंप मचा हुआ है। अस्पताल प्रबंधन को तत्काल सभी प्रकार के चिकित्सा कार्य और अस्पताल संचालन बंद करने का निर्देश दिया गया है।
जानकारी के अनुसार, आनंद हॉस्पिटल के खिलाफ शबनम नामक महिला ने स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों को लिखित आवेदन देकर कथित अवैध संचालन और बिना वैध अनुमति के चिकित्सा कार्य किए जाने की शिकायत की थी। शिकायत में महिला ने अपनी पुत्री सोनी खातून के ऑपरेशन और उसकी मौत का भी उल्लेख किया है।
आवेदन के अनुसार, सोनी खातून का ऑपरेशन रामनगर स्थित संजीवनी हेल्थ केयर में कराया गया था, जहां ऑपरेशन के दौरान उसकी मौत हो गई थी। इसके बाद संबंधित अस्पताल को सील किए जाने और प्राथमिकी दर्ज होने का भी आवेदन में उल्लेख किया गया है।
शिकायतकर्ता शबनम का आरोप है कि अस्पताल सील होने के बाद वही चिकित्सक शास्त्रीनगर में बिना वैध अनुमति के अस्पताल का संचालन करते हुए चिकित्सा कार्य कर रहे हैं। महिला ने मामले की जांच कर दोषियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की मांग की थी।
शिकायत के साथ रामनगर थाना कांड संख्या 226/26 की प्राथमिकी तथा अग्रिम जमानत आवेदन खारिज होने से संबंधित दस्तावेज भी स्वास्थ्य विभाग को उपलब्ध कराए गए थे। आवेदन में संबंधित चिकित्सकों के नाम का उल्लेख करते हुए अस्पताल के संचालन और चिकित्सा व्यवस्था की जांच की मांग की गई थी।
इधर, हरनाटांड़ पीएचसी प्रभारी डॉ. केबीएन सिंह ने बताया कि सिविल सर्जन कार्यालय की ओर से आनंद हॉस्पिटल का रजिस्ट्रेशन रद्द कर दिया गया है। अस्पताल संचालक को इसकी जानकारी दे दी गई है। साथ ही तत्काल किसी भी प्रकार का चिकित्सा कार्य अथवा अस्पताल संचालन नहीं करने का निर्देश दिया गया है।
स्वास्थ्य विभाग ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि आदेश के बावजूद यदि अस्पताल में चिकित्सा कार्य या संचालन पाया गया तो संचालक के खिलाफ नियमानुसार कानूनी कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल विभाग पूरे मामले पर नजर बनाए हुए है। शिकायत में लगाए गए आरोपों की जांच के बाद आगे क्या कार्रवाई होती है, इस पर सभी की नजर बनी हुई है।


















