महावीरी झंडा मेले में डीजे पर रहेगा पूर्ण प्रतिबंध :थानाध्यक्ष जितेंद्र कुमार
चौतरवा।स्वतंत्रता दिवस, महावीरी झंडा एवं नागपंचमी को लेकर सोमवार को चौतरवा थाना परिसर में शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता थानाध्यक्ष जितेंद्र कुमार ने की। बैठक में थाना क्षेत्र के विभिन्न पंचायतों से पहुंचे जनप्रतिनिधि, पंचायत प्रतिनिधि, समाजसेवी एवं गणमान्य लोगों ने भाग लिया।
इस दौरान पर्व के दौरान शांति व्यवस्था एवं आपसी सौहार्द बनाए रखने को लेकर विचार-विमर्श किया गया।थानाध्यक्ष जितेंद्र कुमार ने कहा कि स्वतंत्रता दिवस एवं नागपंचमी के अवसर पर लगने वाले महावीरी झंडा मेले को शांतिपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के लिए पुलिस प्रशासन पूरी तरह सतर्क है। उन्होंने कहा कि मेला एवं जुलूस के दौरान सभी लोग प्रशासन के निर्देशों का पालन करें और आपसी भाईचारा बनाए रखें।उन्होंने स्पष्ट किया कि महावीरी झंडा मेले में डीजे पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा।
नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध विधिसम्मत कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि मेले के दौरान किसी भी प्रकार की अशांति या कानून-व्यवस्था बिगाड़ने वाली गतिविधि को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। पुलिस द्वारा मेला क्षेत्र और जुलूस मार्ग पर विशेष निगरानी रखी जाएगी। थानाध्यक्ष ने कहा कि पर्व के दौरान अफवाहों पर ध्यान नहीं दें। सोशल मीडिया पर किसी प्रकार की भ्रामक अथवा आपत्तिजनक सामग्री प्रसारित करने से बचें। उन्होंने जनप्रतिनिधियों एवं स्थानीय लोगों से पुलिस प्रशासन का सहयोग करने की अपील की।
साथ ही किसी भी संदिग्ध गतिविधि या विवाद की स्थिति में तत्काल पुलिस को सूचना देने को कहा।थानाध्यक्ष ने कहा कि स्वतंत्रता दिवस एवं नागपंचमी का पर्व सभी लोग आपसी भाईचारे और सौहार्द के साथ मनाएं तथा विधि-व्यवस्था बनाए रखने में प्रशासन का सहयोग करें।बैठक में एसआई संजय कुमार गोंड, एसआई महेश कुमार, एसआई अखिलेश कुमार सहित दर्जनों पुलिस पदाधिकारी एवं कर्मी उपस्थित रहे।मौके पर पतिलार पंचायत के मुखिया प्रतिनिधि डॉ.
अभिषेक मिश्रा, चंदरपुर-रतवल के सरपंच दिवाकर पाठक,बसवरिया पंचायत के मुखिया रौशन तिवारी, पूर्व मुखिया धनंजय यादव, पंचायत समिति सदस्य लक्ष्मण यादव, गगन देव राव, राजू उपाध्याय, अमजद अली, राजन शुक्ला, मुखिया मो. आजाद, पूर्व मुखिया मो. शमशाद, पप्पू राव, बिकाऊ यादव, सरपंच प्रतिनिधि जगन्नाथ यादव सहित दर्जनों जनप्रतिनिधि एवं स्थानीय लोग मौजूद रहे।




















