बगहा। बगहा-1 अंचल कार्यालय में शुक्रवार को प्रशासनिक बदलाव के तहत नवपदस्थापित अंचल अधिकारी (सीओ) रवि भूषण गौरव ने विधिवत पदभार ग्रहण किया। उन्होंने निवर्तमान अंचल अधिकारी नर्मदा श्रीवास्तव के स्थान पर राजस्व अधिकारी विकास कुमार से प्रभार लिया। पदभार संभालने के साथ ही उन्होंने अंचल कार्यालय की कार्यप्रणाली की समीक्षा शुरू कर दी और अधिकारियों व कर्मचारियों के साथ बैठक कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। कार्यभार ग्रहण करने के बाद आयोजित बैठक में सीओ रवि भूषण गौरव ने अंचल कार्यालय के सभी अधिकारियों एवं कर्मियों से परिचय प्राप्त किया। इसके बाद उन्होंने राजस्व, भूमि संबंधी मामलों और जनसेवा से जुड़े विभिन्न कार्यों की जानकारी ली। उन्होंने कहा कि सरकार द्वारा संचालित योजनाओं एवं सेवाओं के निष्पादन के लिए स्पष्ट समय-सीमा निर्धारित की गई है, जिसका पालन हर हाल में सुनिश्चित किया जाना चाहिए।

जनता को समय पर और पारदर्शी तरीके से सरकारी सेवाएं उपलब्ध कराना प्रशासन की प्राथमिक जिम्मेदारी है। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि किसी भी कार्य में अनावश्यक विलंब, लापरवाही या अवैध वसूली की शिकायत मिलने पर संबंधित कर्मियों के खिलाफ नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने अधिकारियों और कर्मचारियों से टीम भावना के साथ कार्य करने तथा जनता की समस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित करने का आह्वान किया। सीओ ने कहा कि कार्यालय में आने वाले लोगों को अनावश्यक परेशान नहीं किया जाएगा और उनकी समस्याओं का समाधान निर्धारित समय-सीमा के भीतर किया जाएगा।
बैठक में राजस्व अधिकारी विकास कुमार सहित अंचल कार्यालय के सभी राजस्व कर्मचारी एवं अन्य अधिकारी उपस्थित रहे। नए सीओ के पदभार ग्रहण करने के बाद प्रशासनिक कार्यों में और अधिक पारदर्शिता तथा जवाबदेही आने की उम्मीद जताई जा रही है।















