बगहा-1। सामुदायिक स्वास्थ्य एवं जनकल्याण के क्षेत्र में बेहतर कार्य के लिए ग्राम पंचायत राज पतिलार की मुखिया पायल मिश्रा को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। यह सम्मान पंचायत क्षेत्र में बच्चों के नियमित टीकाकरण अभियान को सफल बनाने में उनके नेतृत्व, समर्पण एवं सहयोग के लिए प्रदान किया गया है।प्रशस्ति पत्र में उल्लेख किया गया है कि Community of Practice for Demand (CoP-D) कार्यक्रम के अंतर्गत ग्राम पंचायत पतिलार में सभी बच्चों का टीकाकरण सफलतापूर्वक कराने में मुखिया पायल मिश्रा का नेतृत्व एवं सहयोग सराहनीय रहा।
उनके प्रयासों से पंचायत क्षेत्र में बच्चों के स्वास्थ्य संरक्षण और टीकाकरण के प्रति जागरूकता बढ़ाने की दिशा में महत्वपूर्ण कार्य हुआ।सम्मान मिलने पर मुखिया पायल मिश्रा ने कहा कि बच्चों का स्वस्थ भविष्य पूरे समाज की जिम्मेदारी है। पंचायत स्तर पर स्वास्थ्य विभाग एवं ग्रामीणों के सहयोग से टीकाकरण अभियान को सफल बनाना उनकी प्राथमिकता है।
उन्होंने कहा कि आगे भी पंचायत के प्रत्येक बच्चे तक स्वास्थ्य सुविधाओं और जागरूकता का लाभ पहुंचाने के लिए पूरी निष्ठा से कार्य किया जाएगा।मुखिया ने ग्रामीणों से अपील की कि बच्चों के नियमित टीकाकरण में किसी प्रकार की लापरवाही न बरतें तथा स्वास्थ्य विभाग द्वारा संचालित अभियानों में सक्रिय सहयोग करें।मुखिया पायल मिश्रा को मिले सम्मान से पंचायत के ग्रामीणों में भी खुशी का माहौल है।
ग्रामीणों ने कहा कि स्वास्थ्य एवं जनकल्याण से जुड़े अभियानों में जनप्रतिनिधियों की सक्रिय भागीदारी से सरकारी योजनाओं का लाभ आम लोगों तक प्रभावी ढंग से पहुंचता है।


















