चौतरवा। प्रखंड बगहा-1 के लगुनहा चौतरवा पंचायत स्थित कॉमन प्लांट चौतरवा में मंगलवार को सहयोग शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में पंचायत क्षेत्र के लोगों की विभिन्न समस्याओं एवं सरकारी योजनाओं से संबंधित मामलों के समाधान के लिए अलग-अलग विभागों के स्टॉल लगाए गए।शिविर में नोडल पदाधिकारी प्रदीप कुमार गोंड, मुखिया प्रतिनिधि आनंद साही सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मी मौजूद रहे। ग्रामीणों ने शिविर में पहुंचकर अपनी समस्याओं से संबंधित आवेदन अधिकारियों को सौंपे।
इस दौरान कुल करीब 70 आवेदन प्राप्त हुए, जिनमें से 40 आवेदनों का मौके पर ही निष्पादन कर दिया गया। शेष आवेदनों के निष्पादन के लिए संबंधित विभागों को आवश्यक निर्देश दिए गए।नोडल पदाधिकारी प्रदीप कुमार गोंड ने बताया कि सहयोग शिविर का मुख्य उद्देश्य ग्रामीणों को विभिन्न सरकारी योजनाओं एवं विभागीय सेवाओं का लाभ एक ही स्थान पर उपलब्ध कराना है। शिविर में प्राप्त आवेदनों का प्राथमिकता के आधार पर निष्पादन किया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि जिन मामलों का तत्काल समाधान संभव था, उनका मौके पर ही निपटारा किया गया, जबकि अन्य आवेदनों को संबंधित विभागों को भेजकर शीघ्र कार्रवाई का निर्देश दिया गया है।शिविर में बड़ी संख्या में ग्रामीणों की मौजूदगी रही। अधिकारियों ने लोगों से सरकारी योजनाओं का लाभ लेने तथा अपनी समस्याओं के समाधान के लिए ऐसे शिविरों में आवेदन देने की अपील की।




















