रेंजर सत्यम कुमार ने मृतक के घर पहुंचकर सौंपा 9.80 लाख का चेक, पहले ही दी गई थी 20 हजार रुपये की तत्काल सहायता
वाल्मीकि टाइगर रिजर्व (वन प्रमंडल-2) के अधिकारियों ने बाघ के हमले में जान गंवाने वाले आकलू यादव के परिजनों को सरकार की ओर से निर्धारित मुआवजा राशि प्रदान की। सोमवार को वाल्मीकिनगर वन प्रमंडल-2 के रेंजर सत्यम कुमार मृतक के घर पहुंचे और शोकाकुल परिवार से मुलाकात कर उन्हें ढांढस बंधाया।
रेंजर सत्यम कुमार ने बताया कि मृतक की पत्नी को परिवार के अन्य सदस्यों की उपस्थिति में 9 लाख 80 हजार रुपये का चेक सौंपा गया। घटना के तत्काल बाद अंतिम संस्कार एवं अन्य आवश्यक कार्यों के लिए मृतक के पुत्र को 20 हजार रुपये की तत्काल आर्थिक सहायता उपलब्ध करा दी गई थी। इस प्रकार मृतक के परिजनों को कुल 10 लाख रुपये का मुआवजा दिया गया है।
उन्होंने बताया कि वन विभाग पीड़ित परिवार के साथ खड़ा है और भविष्य में भी किसी प्रकार की आवश्यकता होने पर हरसंभव सहायता उपलब्ध कराई जाएगी। विभाग ने लोगों से जंगल से सटे क्षेत्रों में सतर्क रहने तथा वन्यजीवों की गतिविधियों की सूचना तत्काल वन विभाग को देने की अपील भी की है।



















