तेज रफ्तार कार ने बाइक में मारी जोरदार टक्कर, कार से शराब बरामद; एक गिरफ्तार
बगहा।चौतरवा-धनहा मुख्य मार्ग पर नदी थाना क्षेत्र में मंगलवार को तेज रफ्तार कार और बाइक की आमने-सामने जोरदार टक्कर में बाइक सवार 44 वर्षीय आशिक अली की मौके पर ही मौत हो गई। मृतक उत्तर प्रदेश के बसहिया बनवीरपुर का रहने वाला बताया गया है।जानकारी के अनुसार आशिक अली तेलपुर जोगिया स्थित अपने रिश्तेदार के घर से बाइक से वापस अपने घर लौट रहा था। इसी दौरान चौतरवा-धनहा मुख्य मार्ग पर तेज रफ्तार कार ने उसकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक सवार ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया।हादसे की सूचना मिलते ही नदी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटना की जांच शुरू की। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए बगहा अनुमंडलीय अस्पताल भेज दिया। वहीं दुर्घटनाग्रस्त कार और बाइक को जब्त कर लिया गया है।
पुलिस द्वारा कार की जांच किए जाने के दौरान उसमें से शराब भी बरामद हुई। शराब बरामदगी के मामले में पुलिस ने एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। पुलिस उत्पाद अधिनियम के तहत कार्रवाई में जुटी है। वहीं सड़क हादसे के कारणों की भी जांच की जा रही है।
नदी थाना के थानाध्यक्ष दीपक कुमार प्रसाद ने बताया कि सड़क दुर्घटना में बाइक सवार की मौत हुई है। दुर्घटनाग्रस्त वाहन को जब्त कर लिया गया है। कार की जांच के दौरान शराब बरामद हुई है, जिसके मामले में एक व्यक्ति को गिरफ्तार कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।घटना के बाद मृतक के परिजनों में कोहराम मच गया। हादसे की जानकारी मिलते ही परिजन बगहा अनुमंडलीय अस्पताल पहुंचे। स्थानीय लोगों ने मुख्य मार्ग पर तेज रफ्तार वाहनों पर नियंत्रण और सड़क सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने की मांग की है।


















