नदी थाना के एसआई राज कुमार सिंह को किया गया बिहार पुलिस एसोसिएशन बगहा शाखा का सभापति (अध्यक्ष) निर्वाचित
बगहा। बिहार पुलिस एसोसिएशन की बगहा-पंचमपुरण शाखा के कार्यकारिणी पदाधिकारियों का चुनाव शनिवार को नियमानुसार संपन्न हुआ। चुनाव के बाद पांच पदाधिकारियों को निर्विरोध निर्वाचित किया गया। इस संबंध में बिहार पुलिस एसोसिएशन, पूर्वी चंपारण (मोतिहारी) शाखा की ओर से जारी पत्र में निर्वाचित पदाधिकारियों की सूची जारी की गई है।जारी पत्र के अनुसार पुअनि राज कुमार सिंह को बिहार पुलिस एसोसिएशन बगहा शाखा का सभापति (अध्यक्ष) निर्वाचित किया गया है। वहीं पुअनि इंद्रेयाजुल हक खां को उपसभापति (उपाध्यक्ष) बनाया गया है। इसके अलावा पुअसअनि राजेश बैठा को सचिव (मंत्री), पुअसअनि विनोद यादव को संयुक्त मंत्री तथा पुअअनि राजेश कुमार आनंद को कोषाध्यक्ष चुना गया है।
पत्र में बताया गया है कि 8 अगस्त 2026 को बिहार पुलिस एसोसिएशन बगहा-पंचमपुरण के कार्यकारिणी पदाधिकारियों की चुनाव प्रक्रिया नियमानुसार पूरी कराई गई। चुनाव में सभी पदाधिकारी निर्विरोध निर्वाचित हुए।
चुनाव के बाद पुलिस पदाधिकारियों एवं कर्मियों में खुशी का माहौल है। नवनिर्वाचित पदाधिकारियों ने एसोसिएशन के सदस्यों के हितों से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से उठाने तथा संगठन को मजबूत बनाने की बात कही। चुनाव परिणाम की सूचना बिहार पुलिस एसोसिएशन के केंद्रीय कार्यालय, पटना को भी भेजी गई है।पत्र जारीकर्ता के रूप में बिहार पुलिस एसोसिएशन, पूर्वी चंपारण (मोतिहारी) के सचिव पंकज कुमार सिंह और सभापति अमित कुमार के हस्ताक्षर अंकित हैं।



















