रामनगर
मुहर्रम पर्व की पूर्व संध्या पर जिले के नवपदस्थापित पुलिस अधीक्षक राजेश कुमार के नेतृत्व में गुरुवार को रामनगर क्षेत्र में फ्लैग मार्च निकाला गया। मार्च का उद्देश्य क्षेत्र में शांति, सुरक्षा एवं आपसी सौहार्द बनाए रखने का संदेश देना था।फ्लैग मार्च में एसडीपीओ रागिनी कुमारी, प्रखंड विकास पदाधिकारी अजीत कुमार, अंचलाधिकारी वेदप्रकाश, प्रभारी थानाध्यक्ष पंकज कुमार सहित कई पुलिस एवं प्रशासनिक पदाधिकारी तथा पुलिस बल शामिल रहे।
इस दौरान अधिकारियों ने लोगों से शांतिपूर्ण माहौल में मुहर्रम मनाने की अपील की। उन्होंने कहा कि पर्व के दौरान किसी भी प्रकार की अफवाह, भड़काऊ गतिविधि अथवा धार्मिक भावना को आहत करने वाली टिप्पणी से बचें। प्रशासन द्वारा जारी निर्देशों की अवहेलना करने वालों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी।फ्लैग मार्च के क्रम में पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारियों ने मेघवल मठिया, देवराज समेत दर्जनभर से अधिक गांवों का भ्रमण किया। अधिकारियों ने स्थानीय लोगों से संवाद कर शांति एवं भाईचारा बनाए रखने का आग्रह किया।
पदाधिकारियों ने कहा कि सभी लोग एक-दूसरे के धर्म और आस्था का सम्मान करें तथा प्रेम, सद्भाव और आपसी सहयोग की भावना के साथ त्योहार मनाएं। उन्होंने समाज में सौहार्दपूर्ण वातावरण बनाए रखने और किसी भी विवाद की स्थिति में तत्काल प्रशासन को सूचना देने की अपील की।















