पश्चिम चंपारण के सिकटा विधानसभा क्षेत्र के मरजदवा रोड से मजार पुल तक सड़क निर्माण की मांग को लेकर आयोजित बैठक में स्थानीय जनप्रतिनिधियों एवं ग्रामीणों ने सड़क की जर्जर स्थिति और आवागमन में हो रही कठिनाइयों का मुद्दा उठाया। इस दौरान सिकटा के जदयू विधायक समृद्ध वर्मा ने सड़क निर्माण के लिए आवश्यक पहल करने तथा मार्ग प्रशस्त कराने का आश्वासन दिया।
बैठक में विधायक ने कहा कि क्षेत्र के विकास और बेहतर यातायात व्यवस्था के लिए सड़क निर्माण उनकी प्राथमिकताओं में शामिल है। उन्होंने संबंधित विभागीय अधिकारियों से आवश्यक प्रक्रिया पूरी कर जल्द से जल्द सड़क निर्माण कार्य शुरू कराने की बात कही।
ग्रामीणों ने बताया कि मरजदवा रोड से मजार पुल तक सड़क की स्थिति काफी खराब है, जिससे आम लोगों, छात्रों और किसानों को आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ता है। बरसात के दिनों में समस्या और गंभीर हो जाती है।
विधायक ने उपस्थित लोगों को भरोसा दिलाया कि सड़क निर्माण से जुड़ी सभी बाधाओं को दूर कर कार्य को आगे बढ़ाया जाएगा। उन्होंने कहा कि क्षेत्र के विकास के लिए जनहित से जुड़े मुद्दों पर लगातार काम किया जा रहा है और सड़क निर्माण होने से हजारों लोगों को सीधा लाभ मिलेगा।
बैठक में बड़ी संख्या में स्थानीय ग्रामीण, जनप्रतिनिधि एवं सामाजिक कार्यकर्ता मौजूद रहे।












