बगहा। गोबरहिया थाना क्षेत्र के भुवरहवा गांव में मसान नदी में डूबे आठ वर्षीय बालक अनुज कुमार का शव चार दिन बाद शुक्रवार को बरामद किया गया। ग्रामीणों ने अपने स्तर से नदी में तलाश के दौरान घटनास्थल से कुछ दूरी पर पानी में शव को देखा। इसके बाद तत्काल इसकी सूचना गोबरहिया थाना पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और शव को नदी से बाहर निकलवाकर कब्जे में लिया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए अनुमंडलीय अस्पताल बगहा भेज दिया।
शव मिलने की सूचना जैसे ही परिजनों को मिली, घर में कोहराम मच गया। बेटे का शव देखकर परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। गांव में भी मातम पसरा हुआ है। अनुज कुमार रोहित मुंडा का पुत्र था। वह तीन भाई-बहनों में दूसरे नंबर पर था और कक्षा तीन में पढ़ता था। बताया जाता है कि चार अगस्त, मंगलवार को अनुज कुमार अपनी मां शेषमा के साथ मसान नदी पार कर खेत देखने जा रहा था। इसी दौरान नदी में अचानक पानी का बहाव तेज हो गया।
देखते ही देखते मां-बेटा दोनों तेज धार की चपेट में आकर बहने लगे। आसपास के खेतों में काम कर रहे ग्रामीणों ने घटना देखी तो तत्काल नदी में उतरकर दोनों को बचाने का प्रयास किया। ग्रामीणों की तत्परता से अनुज की मां शेषमा को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया, लेकिन नदी की तेज धार के कारण अनुज को बचाया नहीं जा सका। इसके बाद ग्रामीणों और परिजनों ने नदी में उसकी तलाश शुरू की, लेकिन कई प्रयासों के बावजूद उसका कोई पता नहीं चल सका।
समाजसेवी दीपक कुमार ने बताया कि शुक्रवार को ग्रामीणों ने एक बार फिर अपने स्तर से मसान नदी में अनुज की खोजबीन शुरू की। करीब 11 बजे घटनास्थल से कुछ दूरी पर नदी के पानी में ग्रामीणों को एक शव दिखाई दिया। पास जाकर देखने पर उसकी पहचान अनुज कुमार के रूप में हुई। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। गोबरहिया थानाध्यक्ष राहुल कुमार ने बताया कि शव बरामद होने की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची।
शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए अनुमंडलीय अस्पताल बगहा भेज दिया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। अंत्यपरीक्षण रिपोर्ट आने के बाद मौत के कारणों की स्थिति और स्पष्ट हो सकेगी।
इधर, अनुज की मौत के बाद भुवरहवा गांव में शोक की लहर है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। ग्रामीण भी इस हादसे से गमगीन हैं।


















