बगहा। पुलिस जिला बगहा के लौकरिया थाना क्षेत्र के खजूरिया गांव में शनिवार की सुबह उस समय सनसनी फैल गई, जब गांव के सरेह में एक 30 वर्षीय युवक का शव शीशम के पेड़ से लटका मिला। शव मिलने की खबर फैलते ही घटनास्थल पर ग्रामीणों की भीड़ जुट गई। ग्रामीणों ने घटना की सूचना मृतक के परिजनों को दी। मौके पर पहुंचे परिजनों ने शव की पहचान खजूरिया गांव निवासी भरत काजी के पुत्र धर्मेंद्र काजी के रूप में की।
घटना की जानकारी मिलते ही लौकरिया थानाध्यक्ष रमन कुमार पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल का जायजा लेने के बाद शव को पेड़ से नीचे उतारा। आवश्यक कार्रवाई पूरी करने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए बगहा अनुमंडलीय अस्पताल भेज दिया गया। पुलिस के अनुसार पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का स्पष्ट पता चल सकेगा।

मृतक के पिता भरत काजी ने बताया कि शुक्रवार की रात धर्मेंद्र और उसकी पत्नी के बीच किसी बात को लेकर विवाद हुआ था। विवाद के बाद धर्मेंद्र नाराज होकर घर से बाहर निकल गया था। परिजनों को लगा कि वह कुछ समय बाद वापस लौट आएगा, लेकिन रात बीतने के बाद भी वह घर नहीं पहुंचा। शनिवार की सुबह करीब नौ बजे परिजनों को सूचना मिली कि गांव के सरेह में एक युवक का शव शीशम के पेड़ से लटका हुआ है।

सूचना मिलते ही परिवार के लोग घटनास्थल पर पहुंचे, जहां शव धर्मेंद्र का मिला। घटना के बाद मृतक के परिवार में कोहराम मच गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। ग्रामीण भी युवक की मौत को लेकर हैरान हैं। घटना के बाद गांव में तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गई हैं।

परिजनों के अनुसार धर्मेंद्र की दो शादियां हुई थीं। उसकी पहली पत्नी की मौत हो चुकी है। पहली पत्नी से उसके तीन बच्चे हैं, जिनमें एक पुत्र और दो पुत्रियां शामिल हैं। इसके बाद धर्मेंद्र ने दूसरी शादी की थी। दूसरी पत्नी से अभी कोई संतान नहीं है। लौकरिया थानाध्यक्ष रमन कुमार ने बताया कि सरेह से पेड़ पर लटका युवक का शव बरामद किया गया है। प्रथमदृष्टया मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है, लेकिन मौत की वास्तविक वजह पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट होगी।

पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच कर रही है। परिजनों की ओर से अभी तक थाने में कोई लिखित आवेदन प्राप्त नहीं हुआ है। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया जाएगा और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

















