चौतरवा।नागपंचमी के अवसर पर सोमवार को चौतरवा थाना क्षेत्र में आयोजित महावीरी झंडा मेले और जुलूस शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न हुए। क्षेत्र के रतवल, पतिलार, लगुनहा, लक्ष्मीपुर, बड़ा लगुनहा, कारखाना टोला, चैनपुर सीतापार सहित विभिन्न गांवों से महावीरी झंडा जुलूस निकाला गया। जुलूस में बड़ी संख्या में श्रद्धालु एवं ग्रामीण शामिल हुए।
मेले और जुलूस को लेकर चौतरवा थाना पुलिस पूरी मुस्तैदी के साथ तैनात रही। संवेदनशील स्थानों पर पुलिस बल की तैनाती की गई थी तथा पुलिस पदाधिकारी लगातार क्षेत्र में भ्रमण कर स्थिति का जायजा लेते रहे। पुलिस की सक्रियता और ग्रामीणों के सहयोग से सभी जुलूस शांतिपूर्ण तरीके से अपने निर्धारित मार्ग से गुजरे।

रतवल में खिलाड़ियों ने दिखाए पारंपरिक करतब
रतवल में भी महावीरी झंडा मेले का आयोजन किया गया। इस दौरान खिलाड़ियों ने पारंपरिक झारा खेल का प्रदर्शन कर लोगों का मन मोह लिया। खेल देखने के लिए बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे। मौके पर चौतरवा थाना के एसआई अजीत कुमार पुलिस बल के साथ मौजूद रहे और सुरक्षा व्यवस्था पर नजर बनाए रखी।

पतिलार में लगा भव्य मेला। पतितिलार स्थित मां बहुरहिया के प्रांगण में भी भव्य मेले का आयोजन किया गया। मेले में आसपास के गांवों सहित विभिन्न क्षेत्रों से बड़ी संख्या में लोग पहुंचे। बच्चों, महिलाओं और युवाओं में मेले को लेकर खासा उत्साह देखा गया। देर शाम तक मेला परिसर में लोगों की भीड़ जुटी रही।मुखिया प्रतिनिधि डॉ. अभिषेक मिश्रा ने कहा कि महावीरी झंडा मेला क्षेत्र की धार्मिक और सांस्कृतिक परंपरा का महत्वपूर्ण हिस्सा है। यह पर्व लोगों को आपसी भाईचारे, एकता और सामाजिक सौहार्द का संदेश देता है।
उन्होंने कहा कि मेले का आयोजन शांतिपूर्ण वातावरण में होना क्षेत्रवासियों की एकजुटता का परिचायक है।वहीं मुखिया नितेश राव ने कहा कि महावीरी झंडा मेला वर्षों पुरानी परंपरा और आस्था से जुड़ा है। इसमें सभी समुदाय के लोगों का सहयोग मिलता है। उन्होंने शांतिपूर्ण आयोजन के लिए ग्रामीणों, आयोजन समिति और पुलिस प्रशासन के प्रति आभार जताया।कुल मिलाकर चौतरवा थाना क्षेत्र में महावीरी झंडा मेले और जुलूस का आयोजन उत्साह, आस्था और आपसी भाईचारे के वातावरण में संपन्न हुआ।


















