बगहा। “आजाद हूं, आजाद ही रहूंगा”—महान क्रांतिकारी चंद्रशेखर आजाद के ये शब्द आज भी देशभक्ति और क्रांति की भावना रखने वाले युवाओं में नई ऊर्जा का संचार करते हैं। इसी विरासत की तीसरी पीढ़ी के होनहार अमित आजाद तिवारी आगामी 20 अगस्त को बगहा की धरती पर पहुंचेंगे। उनके आगमन को लेकर स्थानीय युवाओं और सम्मानित नागरिकों में खासा उत्साह है। अमित आजाद तिवारी के स्वागत एवं सम्मान की जिम्मेदारी बगहा के वीर पुत्र तथा राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ और जनसंघ से जुड़े रहे स्व.
झुन्ना मिश्र के पौत्र आशीष मिश्रा उर्फ रौशन बाबा की टीम ने संभाली है। उनके नेतृत्व में स्थानीय युवाओं की एक कमेटी गठित कर कार्यक्रम की तैयारियां शुरू कर दी गई हैं। इसी क्रम में स्थानीय युवाओं की एक बैठक आयोजित हुई, जिसमें अमित आजाद तिवारी के आगमन और पूरे कार्यक्रम की रूपरेखा पर चर्चा की गई। तय कार्यक्रम के अनुसार 20 अगस्त की सुबह करीब 9 बजे नरईपुर निवासी डॉ. रविकेश मिश्रा के आवास से कार्यक्रम की शुरुआत होगी।
इसके बाद अमित आजाद तिवारी को ऑक्सफोर्ड पब्लिक स्कूल ले जाया जाएगा, जहां सम्मान समारोह आयोजित किया जाएगा।
इसके बाद वे विशाल होटल पहुंचेंगे, जहां बगहा के युवा एवं सम्मानित नागरिक उनका अभिनंदन और सम्मान करेंगे। वहीं, दोपहर 1 बजे वाल्मीकिनगर स्थित श्री श्याम गेस्ट हाउस में अभिषेक जायसवाल की टीम की ओर से सम्मान कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा।
आशीष मिश्रा उर्फ रौशन बाबा ने बताया कि अमित आजाद तिवारी का बगहा आगमन ऐतिहासिक और यादगार बनाने की तैयारी की जा रही है। स्टेशन पर स्वागत से लेकर कार्यक्रम स्थल तक पहुंचने और कार्यक्रम के सफल आयोजन तक सभी व्यवस्थाओं को लेकर बिंदुवार योजना बनाई जा रही है।
बैठक में आशीष मिश्रा उर्फ रौशन बाबा, दीपक पटेल, रविकेश कुमार, संजीत कुमार, आकाश चौधरी, रोहित कुमार, अमित कुमार, आदर्श मिश्रा, छोटे कुमार, छोटू ठाकुर, श्याम ठाकुर, राजीव राव सहित बड़ी संख्या में स्थानीय युवा मौजूद रहे।


















