लौरिया थाना क्षेत्र के कटैया वार्ड संख्या-6 में एक नवविवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। मृतका का शव घर से बरामद होने के बाद मायके पक्ष ने दहेज के लिए हत्या का आरोप लगाते हुए मामले की निष्पक्ष जांच और दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की मांग की है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए जीएमसीएच, बेतिया भेजकर मामले की जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, घटना 30 जुलाई की अहले सुबह करीब 2 बजे की बताई जा रही है, जबकि इसकी सूचना मृतका के परिजनों को उसी दिन दोपहर करीब 12 बजे मिली। सूचना मिलने पर मायके पक्ष मौके पर पहुंचा और स्थानीय पुलिस को घटना की जानकारी देते हुए हत्या की आशंका जताई।
मृतका की पहचान कटैया वार्ड संख्या-6 निवासी फिरोज आलम की 20 वर्षीय पत्नी शकीना खातून के रूप में हुई है। शकीना का मायका नदी थाना क्षेत्र के नैनाहा गांव में है। वह रोज कियामत की पुत्री थीं। परिजनों के अनुसार, शकीना की शादी लगभग चार माह पहले फिरोज आलम से हुई थी, जो वर्तमान में केरल में बढ़ई का काम करता है।मृतका के परिजनों का आरोप है कि शादी के कुछ ही दिनों बाद ससुराल पक्ष दहेज की अतिरिक्त मांग को लेकर शकीना को प्रताड़ित करने लगा। उनका कहना है कि शादी में दहेज स्वरूप मोटरसाइकिल और डेढ़ लाख रुपये दिए गए थे, लेकिन इसके बाद भी बुलेट मोटरसाइकिल की मांग की जा रही थी।
परिजनों ने आरोप लगाया कि शकीना के नाम पर लिए गए एक ऋण की दूसरी किस्त निकालने के लिए भी उस पर दबाव बनाया जा रहा था। विरोध करने पर उसके साथ मारपीट की जाती थी। उनका आरोप है कि ससुराल वालों ने गला दबाकर उसकी हत्या कर दी और घटना को आत्महत्या का रूप देने का प्रयास किया।
घटना के बाद ससुराल पक्ष के सभी सदस्य घर छोड़कर फरार बताए जा रहे हैं। वहीं, पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर 31 जुलाई को जीएमसीएच, बेतिया में पोस्टमार्टम कराया। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।पुलिस का कहना है कि मामले के सभी पहलुओं की गंभीरता से जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के आधार पर आगे की विधिसम्मत कार्रवाई की जाएगी।
शकीना चार भाई और चार बहनों में शामिल थीं। उनकी असामयिक मौत से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और पूरे गांव में शोक का माहौल है।


















