नौतन थाना क्षेत्र के डवरिया पंचायत के बड़ा परसौनी गांव निवासी राजू चौधरी की चंडीगढ़ में संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई है। परिजनों ने इसे आत्महत्या मानने से इनकार करते हुए ठेकेदार छोटू चौधरी पर हत्या का आरोप लगाया है। घटना की सूचना मिलने के बाद गांव में शोक का माहौल है।
मृतक राजू चौधरी बाग बहार चौधरी के पुत्र थे। वह परिवार के इकलौते कमाने वाले सदस्य थे। करीब एक माह पूर्व राजू रोजी-रोटी कमाने के लिए चंडीगढ़ गए थे, जहां वे राजमिस्त्री का काम करते थे। परिजनों के अनुसार, वह अपने रिश्तेदार छोटू चौधरी की ठेकेदारी में काम कर रहे थे।
परिजनों ने बताया कि उन्हें अचानक ठेकेदार के भाई का फोन आया, जिसमें सूचना दी गई कि राजू चौधरी ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली है। इस खबर से परिवार सदमे में है।
राजू की पत्नी ने आरोप लगाया है कि उनके पति को ठेकेदार छोटू चौधरी ने फांसी लगाकर मार दिया है। उन्होंने कहा कि उनके पति का किसी से कोई विवाद नहीं था और वे केवल परिवार के लिए मेहनत कर रहे थे।
पिता बाग बहार चौधरी ने भी बेटे की हत्या कर उसे आत्महत्या का रूप देने का आरोप लगाया है। मृतक की भाभी रीता देवी और बेटी खुश्बू कुमारी ने भी छोटू चौधरी पर हत्या का आरोप लगाया है।
राजू चौधरी अपने पीछे वृद्ध पिता, पत्नी और दो छोटे बच्चों को छोड़ गए हैं। परिवार इस घटना से गहरे दुख में है। परिजनों ने प्रशासन से मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।















