गंडक बराज वाल्मीकिनगर
बगहा अनुमंडल प्रशासन अलर्ट, नदी किनारे बसे निचले इलाकों को सतर्क रहने की अपील
बगहा। नेपाल से भारी मात्रा में पानी छोड़े जाने की संभावना को देखते हुए पश्चिम चंपारण जिला प्रशासन ने गंडक नदी के किनारे बसे इलाकों में अलर्ट जारी किया है। जिलाधिकारी के निर्देश के बाद बगहा अनुमंडल पदाधिकारी श्रीमती चांदनी कुमारी ने गंडक नदी से सटे सभी प्रखंडों के संबंधित विभागों एवं अधिकारियों को सतर्क रहने और लगातार निगरानी रखने का निर्देश दिया है, ताकि किसी भी संभावित बाढ़ की स्थिति में जान-माल की क्षति को रोका जा सके।
बगहा एसडीएम ने बुधवार को बताया कि प्राप्त सूचना के अनुसार चीन में क्लाउड बर्स्ट की घटना के बाद नेपाल स्थित नारायणी नदी में अधिक मात्रा में पानी छोड़े जाने की संभावना है। इसका असर नेपाल से सटे पश्चिम चंपारण जिले में बहने वाली गंडक नदी पर पड़ सकता है। अचानक भारी मात्रा में पानी आने से गंडक नदी का जलस्तर तेजी से बढ़ने और नदी के किनारे बसे निचले इलाकों में बाढ़ की स्थिति उत्पन्न होने की आशंका जताई गई।
प्रशासन ने नदी के किनारे बसे सभी प्रखंडों के निचले स्तर वाले आबादी क्षेत्रों में रहने वाले लोगों को विशेष सतर्कता बरतने की अपील की है। संभावित खतरे को देखते हुए निचले इलाकों के लोगों को सुरक्षित एवं ऊंचे स्थानों पर जाने की सलाह दी गई है।

एसडीएम ने स्पष्ट निर्देश दिया है कि स्थिति सामान्य होने तक कोई भी व्यक्ति अनावश्यक रूप से गंडक नदी के किनारे न जाए। संबंधित विभागों को अपने-अपने क्षेत्रों में लगातार निगरानी रखने तथा किसी भी आपात स्थिति में तत्काल कार्रवाई करने को कहा गया है।
जिला प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वे अफवाहों पर ध्यान न दें और प्रशासन द्वारा जारी निर्देशों का पालन करें। किसी भी आपात स्थिति में जिला आपातकालीन संचालन केंद्र, पश्चिम चंपारण, बेतिया के संपर्क सूत्रों पर सूचना दी जा सकती है। जिला प्रशासन ने कहा है कि आपदा से संबंधित किसी भी सहायता के लिए प्रशासन 24×7 प्रतिबद्ध है।
प्रशासन की अपील—सतर्क रहें, सुरक्षित रहें और गंडक नदी के आसपास जाने से बचें

















