बगहा। बिजली उपभोक्ताओं को सौर ऊर्जा के प्रति जागरूक करने और पीएम सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना का लाभ दिलाने के उद्देश्य से बगहा में 20 अगस्त 2026, गुरुवार को सोलर मेला सह सोलर लोन मेला आयोजित किया जाएगा। मेला विद्युत आपूर्ति प्रमंडल कार्यालय परिसर, बगहा में लगेगा।
मेले में विभिन्न प्रतिष्ठित कंपनियों द्वारा सोलर पैनल, इनवर्टर सहित अन्य उपकरणों के स्टॉल लगाए जाएंगे। उपभोक्ता खरीदारी से पहले सोलर उपकरणों की गुणवत्ता, क्षमता और कीमत की जानकारी प्राप्त कर सकेंगे। साथ ही पीएम सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना के तहत अनुदानित दर पर सोलर प्लांट लगवाने की सुविधा भी उपलब्ध रहेगी।
मेले की खासियत यह होगी कि विभिन्न बैंकों के स्टॉल भी लगाए जाएंगे, जहां उपभोक्ताओं को सोलर प्लांट के लिए आसान ऋण की सुविधा मिलेगी। आयोजकों के अनुसार, 6 प्रतिशत से कम ब्याज दर पर सोलर लोन के लिए मेले में ऑन-द-स्पॉट आवेदन की सुविधा उपलब्ध रहेगी।
पीएम सूर्य घर योजना के तहत सब्सिडी
1 किलोवाट: ₹40,000 तक
2 किलोवाट: ₹80,000 तक
3 किलोवाट या उससे अधिक: ₹98,000 तक अधिकतम अनुदान
बिजली उपभोक्ताओं से अपील की गई है कि वे मेले में पहुंचकर सौर ऊर्जा से जुड़ी योजनाओं, उपकरणों और बैंक ऋण की जानकारी प्राप्त करें तथा अपने घर की छत पर सोलर प्लांट लगाकर बिजली बिल में बचत और स्वच्छ ऊर्जा को बढ़ावा दें।


















