बगहा। फेयर प्राइस डीलर्स एसोसिएशन, बिहार राज्य संगठन ने बगहा-1 प्रखंड इकाई की नई कार्यकारिणी की घोषणा कर दी है। प्रदेश महामंत्री वरुण कुमार सिंह द्वारा जारी पत्रांक 39/2026 (दिनांक 2 जुलाई 2026) के तहत मो. मुस्तफा को प्रखंड अध्यक्ष और नवीन कुमार मिश्र को प्रखंड सचिव मनोनीत किया गया है। नई कमिटी के गठन के बाद जन वितरण प्रणाली (पीडीएस) से जुड़े डीलरों में उत्साह का माहौल है।

संगठन की ओर से जारी सूची के अनुसार लाल साहेब चौबे को संरक्षक, पासपत पांडेय को कार्यकारी अध्यक्ष तथा पप्पू मिश्रा, बाबू नंद राम और अशोक पासवान को उपाध्यक्ष बनाया गया है। इसके अलावा कोषाध्यक्ष, सहसचिव, संगठन मंत्री, मीडिया प्रभारी समेत विभिन्न पदों पर भी पदाधिकारियों का मनोनयन किया गया है। संगठन का कहना है कि नई टीम राशन वितरण व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाने तथा डीलरों की समस्याओं के समाधान के लिए सक्रिय भूमिका निभाएगी। फेयर प्राइस डीलर्स एसोसिएशन ने अनुमंडल पदाधिकारी से आग्रह किया है कि अनुमंडल अनुश्रवण समिति और खाद्य एवं उपभोक्ता संरक्षण विभाग से संबंधित बैठकों में प्रखंड अध्यक्ष मो. मुस्तफा और सचिव नवीन कुमार मिश्र को संगठन के अधिकृत प्रतिनिधि के रूप में आमंत्रित किया जाए। इससे डीलरों की समस्याओं और जन वितरण प्रणाली से जुड़े मुद्दों को प्रशासन के समक्ष प्रभावी ढंग से रखा जा सकेगा।

नवनियुक्त अध्यक्ष मो. मुस्तफा ने संगठन का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उनकी प्राथमिकता पारदर्शी और समयबद्ध राशन वितरण सुनिश्चित करना होगी। वहीं, सचिव नवीन कुमार मिश्र ने कहा कि डीलरों की समस्याओं के त्वरित समाधान, संगठन को मजबूत बनाने और उपभोक्ताओं को बेहतर सेवा उपलब्ध कराने के लिए पूरी टीम समन्वय के साथ कार्य करेगी। नई कार्यकारिणी की घोषणा के बाद स्थानीय डीलरों ने खुशी जताई। इस मौके पर नवनियुक्त अध्यक्ष मो. मुस्तफा का फूल-माला पहनाकर स्वागत किया गया। उपस्थित सदस्यों ने संगठन को मजबूत बनाने, जन वितरण प्रणाली में पारदर्शिता बढ़ाने और लाभुकों तक समय पर राशन पहुंचाने के लिए सामूहिक रूप से कार्य करने का संकल्प भी लिया।












