बगहा-2 प्रखंड परिसर की बदहाल व्यवस्थाओं को लेकर विधायक प्रतिनिधि शत्रुध्न कुमार पटेल ने प्रशासन पर गंभीर सवाल उठाए हैं। उन्होंने कहा कि प्रतिदिन बड़ी संख्या में महिलाएं एवं बच्चियां आधार कार्ड, राशन कार्ड, जाति, निवास, आय प्रमाण पत्र सहित अन्य सरकारी कार्यों के लिए प्रखंड कार्यालय पहुंचती हैं, लेकिन यहां मूलभूत सुविधाओं का अभाव है। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रखंड परिसर में महिलाओं के लिए शौचालय की समुचित व्यवस्था नहीं है, जिससे उन्हें भारी परेशानी का सामना करना पड़ता है।
जबकि भवन निर्माण विभाग द्वारा लाखों रुपये की लागत से शौचालय का निर्माण कराया गया है, इसके बावजूद उस पर ताला लगा रहता है और आम लोगों को इसका लाभ नहीं मिल पा रहा है।
विधायक प्रतिनिधि ने यह भी कहा कि नगर परिषद द्वारा पेयजल की व्यवस्था तो की गई है, लेकिन जिस स्थान पर पानी का नल लगाया गया है वहां हमेशा जलजमाव रहता है। लोगों को पीने का पानी लेने के लिए गंदे पानी से होकर गुजरना पड़ता है, जिससे संक्रमण का खतरा भी बना रहता है। उन्होंने प्रखंड परिसर में नियमित सफाई व्यवस्था सुनिश्चित करने, शौचालय को तत्काल आम लोगों के लिए खोलने तथा पेयजल स्थल पर जलनिकासी की समुचित व्यवस्था कराने की मांग की है।
साथ ही प्रशासन से आग्रह किया कि आम नागरिकों, विशेषकर महिलाओं और बुजुर्गों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए शीघ्र आवश्यक कदम उठाए जाएं।





















