बगहा एसपी राजेश कुमार का पिपरासी थाना का औचक निरीक्षण, लंबित कांडों के त्वरित निष्पादन और जनसहभागिता पर दिया जोर
बगहा पुलिस अधीक्षक राजेश कुमार ने गुरुवार को पिपरासी थाना का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने थाना में लंबित कांडों की गहन समीक्षा की तथा पुराने मामलों का शीघ्र निष्पादन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। इसके साथ ही थाना अभिलेखों के रख-रखाव, थाना परिसर की साफ-सफाई तथा अनुसंधान कार्य में तेजी लाकर गुणवत्ता बनाए रखने पर विशेष बल दिया।
निरीक्षण के दौरान एसपी ने संबंधित पुलिस पदाधिकारियों को निर्देशित किया कि विवेचना कार्य में अनावश्यक विलंब न हो तथा सभी मामलों का समयबद्ध और निष्पक्ष निष्पादन सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने थाना स्तर पर पुलिसिंग को और अधिक प्रभावी एवं जनोन्मुखी बनाने के लिए आम लोगों के साथ सौहार्दपूर्ण और सम्मानजनक व्यवहार करने की आवश्यकता पर जोर दिया।
एसपी राजेश कुमार ने पंचायत जनप्रतिनिधियों और स्थानीय नागरिकों के साथ बेहतर समन्वय स्थापित कर क्षेत्र में विधि-व्यवस्था एवं शांति बनाए रखने के निर्देश भी दिए। उन्होंने कहा कि पुलिस और जनता के बीच विश्वास कायम करना बेहतर कानून-व्यवस्था की सबसे महत्वपूर्ण कड़ी है।

निरीक्षण के दौरान पुलिस अधीक्षक ने स्पष्ट चेतावनी दी कि किसी भी पुलिस पदाधिकारी या कर्मी के विरुद्ध पुलिस की छवि धूमिल करने वाली शिकायत प्राप्त होने पर उसे गंभीरता से लिया जाएगा तथा नियमानुसार सख्त कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। उन्होंने सभी पुलिसकर्मियों को ईमानदारी, पारदर्शिता और जिम्मेदारी के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करने का निर्देश दिया।













