पोस्टमार्टम का विरोध और सरकारी कार्य में व्यवधान डालने के आरोप में चौतरवा थाना में केस दर्ज,जांच तेज
चौतरवा।संवाददाता।चौतरवा थाना क्षेत्र के रायबारी महुअहवा गांव में करंट लगने से युवक की मौत के बाद उत्पन्न हुए विवाद ने अब कानूनी रूप ले लिया है। पुलिस के सरकारी कार्य में बाधा पहुंचाने, विधि-व्यवस्था प्रभावित करने तथा पुलिस कार्रवाई का विरोध करने के आरोप में चौतरवा थाना पुलिस ने 14 नामजद समेत 50 अज्ञात लोगों के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज की है। अज्ञात आरोपितों में 20 महिलाएं एवं 30 पुरुष शामिल बताए गए हैं। पुलिस मामले की गंभीरता से जांच कर आरोपितों की पहचान एवं गिरफ्तारी की दिशा में कार्रवाई कर रही है।जानकारी के अनुसार सोमवार की सुबह लगभग 11 बजे रायबारी महुअहवा गांव निवासी सबिर अहमद के लगभग 45 वर्षीय पुत्र हामिद उर्फ राजू गांव के ही इरसाद अली के घर बिजली की लाइन ठीक करने गए थे। कार्य के दौरान अचानक विद्युत प्रवाहित हो जाने से वह करंट की चपेट में आ गए और गंभीर रूप से झुलस गए। परिजन एवं ग्रामीण उन्हें तत्काल उपचार के लिए रामनगर ले जा रहे थे, लेकिन रास्ते में ही उनकी मृत्यु हो गई। घटना के बाद परिवार में मातम छा गया और पूरे गांव में शोक का माहौल व्याप्त हो गया।
घटना की सूचना मिलने पर चौतरवा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक कानूनी प्रक्रिया शुरू की। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराने एवं मामले की विधिसम्मत जांच की पहल की, किंतु मृतक के परिजनों ने पोस्टमार्टम कराने तथा किसी प्रकार की शिकायत दर्ज कराने से इनकार कर दिया।इसी दौरान पुलिस अपने वैधानिक दायित्वों का निर्वहन कर रही थी, तभी कुछ लोगों ने कथित रूप से पुलिस कार्रवाई का विरोध करते हुए सरकारी कार्य में बाधा उत्पन्न की। पुलिस के अनुसार स्थिति को नियंत्रित करने का प्रयास किया गया, लेकिन विरोध जारी रहने पर मामले को गंभीरता से लेते हुए चौतरवा थाना में 14 नामजद तथा 50 अज्ञात व्यक्तियों के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज की गई।इस संबंध में चौतरवा थाना के प्रभारी थानाध्यक्ष रमेश कुमार ने बताया कि करंट से हुई मौत के मामले में पुलिस नियमानुसार आवश्यक कानूनी कार्रवाई कर रही थी। इसी क्रम में कुछ लोगों द्वारा सरकारी कार्य में व्यवधान उत्पन्न किया गया, जिसके आलोक में संबंधित धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है। मामले की निष्पक्ष जांच की जा रही है तथा दोषी पाए जाने वाले सभी व्यक्तियों के विरुद्ध विधिसम्मत कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।












