बगहा।पतिलार (पश्चिम चंपारण): पतिलार पंचायत में आमजन को मच्छरजनित बीमारियों से राहत दिलाने और स्वच्छ वातावरण उपलब्ध कराने के उद्देश्य से मच्छर भगाने वाली फॉगिंग मशीन का शुभारंभ पंचायत के मुखिया प्रतिनिधि डॉ. अभिषेक मिश्रा द्वारा किया गया। इस अवसर पर पंचायत के विभिन्न वार्डों में नियमित रूप से फॉगिंग अभियान चलाकर डेंगू, मलेरिया, चिकनगुनिया सहित अन्य मच्छरजनित रोगों की रोकथाम का संकल्प लिया गया। मुखिया प्रतिनिधि डॉ. अभिषेक मिश्रा ने कहा कि पंचायतवासियों का स्वास्थ्य उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि बदलते मौसम में मच्छरों का प्रकोप बढ़ जाता है, जिससे कई गंभीर बीमारियों का खतरा रहता है। इसी को ध्यान में रखते हुए पंचायत में फॉगिंग मशीन की व्यवस्था की गई है, ताकि सभी वार्डों में नियमित रूप से दवा का छिड़काव कर लोगों को सुरक्षित और स्वच्छ वातावरण उपलब्ध कराया जा सके। उन्होंने पंचायतवासियों से भी अपील की कि वे अपने घरों और आसपास साफ-सफाई बनाए रखें तथा कहीं भी जलजमाव न होने दें, क्योंकि स्वच्छता ही बीमारियों से बचाव का सबसे प्रभावी उपाय है।इस अवसर पर अशोक राव ने कहा कि पंचायत द्वारा जनहित में उठाया गया यह कदम अत्यंत सराहनीय है। मुखिया प्रतिनिधि डॉ अभिषेक मिश्रा के द्वारा किया जा रहा विकास का कार्य अन्य पंचायतों के लिए प्रेरणादायक साबित हो रहा है इसके कार्यकाल में पंचायत में ऐतिहासिक कार्य हो रहे है उन्होंने कहा कि फॉगिंग अभियान से मच्छरों पर प्रभावी नियंत्रण होगा और लोगों को काफी राहत मिलेगी। उन्होंने सभी ग्रामीणों से सहयोग करने तथा स्वच्छता अभियान को जन-आंदोलन बनाने की अपील की।कार्यक्रम में स्वच्छता पर्यवेक्षक गोविंद कुमार सहित अशोक राव, कृष्णनाथ तिवारी, जमुना यादव, रामहरि राव, राजेश यादव, रामचंद्र राम, राघव तिवारी, दयानाथ राव एवं पंचायत के अनेक गणमान्य नागरिक और ग्रामीण उपस्थित रहे। सभी ने पंचायत द्वारा जनस्वास्थ्य के लिए किए जा रहे इस प्रयास की सराहना करते हुए इसे समय की आवश्यकता बताया।




















