चौतरवा । बगहा पुलिस जिला के बथवरिया थाना क्षेत्र अंतर्गत बथवरिया गांव निवासी रेलवे कर्मी विकास कुमार यादव (26) की चेन्नई में संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। घटना 30 जुलाई की देर रात की बताई जा रही है। रविवार को जब उनका शव पैतृक गांव पहुंचा तो पूरे गांव में मातम छा गया। परिजनों के चीत्कार से माहौल गमगीन हो गया। बाद में पारंपरिक रीति-रिवाज के साथ उनका अंतिम संस्कार किया गया।
मृतक के छोटे भाई हरिकेश कुमार ने बताया कि विकास कुमार यादव की वर्ष 2023 में रेलवे में नौकरी लगी थी और वह चेन्नई में पी-मैन (ग्रेड-बी) के पद पर कार्यरत थे। घटना की रात करीब 10 बजे उनकी वीडियो कॉल पर परिवार से बातचीत हुई थी। उन्होंने सभी का हालचाल पूछा और सामान्य रूप से बात की। अगले दिन 31 जुलाई की सुबह सूचना मिली कि उन्होंने आत्महत्या कर ली है। इसके साथ ही एक तस्वीर भी भेजी गई, जिसे देखकर परिवार के लोग स्तब्ध रह गए।

सूचना मिलते ही परिजन चेन्नई पहुंचे। वहां घटनास्थल का दृश्य देखकर उनके संदेह और गहरा गए। परिजनों का आरोप है कि करीब पांच फीट ऊंची खिड़की से शव लटका हुआ था, जबकि पैर जमीन से सटे और मुड़े हुए थे। गले पर कटने जैसे निशान भी दिखाई दे रहे थे। ऐसे में परिजनों को आशंका है कि विकास की हत्या कर साक्ष्य छिपाने के उद्देश्य से शव को जल्दबाजी में खिड़की से लटका दिया गया। परिजनों ने मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की है।

उनका कहना है कि चेन्नई पुलिस मामले की जांच कर रही है तथा शव का पोस्टमार्टम कराया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा। विकास कुमार यादव दो भाइयों में बड़े थे और अविवाहित थे। उनकी असमय एवं संदिग्ध मौत से पूरे गांव में शोक का माहौल है। ग्रामीणों ने भी मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।



















