लौरिया थाने में आवेदन देकर जांच व कानूनी कार्रवाई की मांग
लौरिया।संवाददाता।बगहा पुलिस जिला के मलपुरवा निवासी रामचंद्र शाह के पुत्र दीपू कुमार ने अपनी 30 वर्षीय पत्नी मंसा देवी की ऑपरेशन के दौरान मौत होने पर चिकित्सक पर गंभीर लापरवाही का आरोप लगाया है। इस संबंध में उन्होंने लौरिया थाना में आवेदन देकर मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषी के विरुद्ध कानूनी कार्रवाई की मांग की है।आवेदन में दीपू कुमार ने बताया है कि वह अपनी पत्नी मंसा देवी का परिवार नियोजन (नसबंदी) ऑपरेशन कराने के लिए नौका टोला, लौरिया स्थित हेल्थ केयर सेंटर पहुंचे थे। वहां मौजूद डॉ. अनिल कुमार द्वारा ऑपरेशन किया जा रहा था। आरोप है कि ऑपरेशन के दौरान ही उनकी पत्नी की तबीयत बिगड़ गई और उसकी मौत हो गई।पीड़ित के अनुसार जब उन्होंने डॉक्टर से पत्नी की स्थिति के बारे में पूछा तो डॉक्टर ने कहा कि थोड़ी दिक्कत है और बेहतर इलाज के लिए अपने तीन स्टाफ के साथ मरीज को बेतिया भेज दिया। परिजनों का आरोप है कि बेतिया पहुंचने पर डॉक्टर ने बताया कि मरीज की मौत करीब आधा घंटा पहले ही हो चुकी थी।दीपू कुमार ने यह भी आरोप लगाया कि बेतिया पहुंचने के बाद डॉक्टर के साथ गए तीनों स्टाफ महिला का शव वहीं छोड़कर निजी वाहन से फरार हो गए। इस घटना के बाद परिजनों में आक्रोश व्याप्त हो गया और उन्होंने डॉक्टर की लापरवाही को महिला की मौत का कारण बताया।पीड़ित ने लौरिया थाना में लिखित आवेदन देकर पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने, चिकित्सकीय लापरवाही की पुष्टि होने पर संबंधित डॉक्टर के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज कर कठोर कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है।इधर लौरिया थानाध्यक्ष ने आवेदन प्राप्त होने की पुष्टि करते हुए बताया कि मामले की जांच की जा रही है। जांच रिपोर्ट और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आगे की आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

















