थाना परिसर में डीआईजी ने ली गार्ड ऑफ ऑनर की सलामी
डीआईजी हरि किशोर राय ने पुलिस पदाधिकारियों को कई निर्देश देते हुए शख्त पालन करने का दिया आदेश,लंबित कांडों के त्वरित निष्पादन व पारदर्शी पुलिसिंग पर दिया बल
धनहा। संवाददाता।पुलिस उपमहानिरीक्षक (डीआईजी) हरिकिशोर राय ने गुरुवार को धनहा थाना का औचक निरीक्षण किया। उनके आगमन को लेकर थाना परिसर में सुबह से ही व्यापक तैयारियां की गई थीं। निरीक्षण से पूर्व बगहा पुलिस अधीक्षक राजेश कुमार स्वयं धनहा थाना पहुंचे और थाना परिसर, कार्यालय, भवनों तथा साफ-सफाई की व्यवस्थाओं का अवलोकन कर आवश्यक निर्देश दिए। धनहा थाना पहुंचने पर डीआईजी हरिकिशोर राय को पुलिस जवानों ने गार्ड ऑफ ऑनर देकर सम्मानित किया। सलामी ग्रहण करने के उपरांत उन्होंने थाना परिसर का विस्तृत निरीक्षण किया।
इस दौरान थाना कार्यालय के विभिन्न अभिलेखों, कांड पंजी, अपराध पंजिका, मालखाना, आगंतुक पंजी, अभिलेखों के संधारण, सुरक्षा व्यवस्था तथा स्वच्छता का सूक्ष्म परीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान अभिलेखों के अद्यतन रखरखाव एवं कार्यालयीन व्यवस्था का भी गहन मूल्यांकन किया गया।डीआईजी ने थाना परिसर में निर्माणाधीन भवन तथा परिसर स्थित टावर भवन का भी निरीक्षण कर कार्यों की प्रगति की जानकारी प्राप्त की।
उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्माण कार्यों में गुणवत्ता एवं समयबद्धता सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।निरीक्षण के उपरांत डीआईजी हरिकिशोर राय ने कहा कि थाना कार्यालय के सभी अभिलेखों एवं व्यवस्थाओं का नियमित परीक्षण किया जा रहा है। उन्होंने पुलिस पदाधिकारियों को निर्देशित किया कि पुलिस कार्यप्रणाली में पारदर्शिता, अनुशासन एवं जवाबदेही सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए।
साथ ही लंबित कांडों का शीघ्र निष्पादन, अनुसंधान की गुणवत्ता में सुधार तथा आम नागरिकों की शिकायतों का त्वरित एवं निष्पक्ष समाधान सुनिश्चित किया जाए, जिससे कानून-व्यवस्था सुदृढ़ बनी रहे और जनता का पुलिस पर विश्वास और अधिक मजबूत हो।निरीक्षण के दौरान बगहा पुलिस अधीक्षक राजेश कुमार, बगहा अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी निहार भूषण, पुलिस अंचल निरीक्षक रामाकांत तिवारी, धनहा थानाध्यक्ष अमित कुमार सिंह सहित थाना के सभी पुलिस पदाधिकारी एवं कर्मी उपस्थित रहे।
अधिकारियों ने डीआईजी को थाना की कार्यप्रणाली, अपराध नियंत्रण एवं जनसुरक्षा से संबंधित गतिविधियों की विस्तृत जानकारी भी उपलब्ध कराई।



















