बगहा एक प्रखंड अंतर्गत पतिलार पीएचसी के पोषक क्षेत्र के विभिन्न गांवों में मंगलवार को 0 से 5 वर्ष तक के बच्चों को पल्स पोलियो की खुराक पिलाई गई। अभियान के तहत स्वास्थ्यकर्मियों ने घर-घर पहुंचकर बच्चों को पोलियो की दवा पिलाई और अभिभावकों को भी जागरूक किया।
पतिलार पीएचसी के प्रभारी चिकित्सा प्रभारी राजेश सिंह नीरज ने बताया कि यह पल्स पोलियो अभियान 28 जून से एक जुलाई तक चलेगा। उन्होंने बताया कि अभियान के सफल संचालन के लिए 57 हजार बच्चों को दवा पिलाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। इसके लिए 38 सुपरवाइजर और 101 पोलियो कर्मियों को तैनात किया गया है।
उन्होंने कहा कि अभियान के दौरान किसी भी बच्चे को पोलियो की खुराक से वंचित नहीं रहने दिया जाएगा। स्वास्थ्य विभाग की टीम लगातार क्षेत्र में भ्रमण कर रही है और सभी बूथों तथा घर-घर जाकर बच्चों को दवा पिलाई जा रही है।
राजेश सिंह ने अभिभावकों से अपील किया कि वे अपने 0 से 5 वर्ष तक के बच्चों को अनिवार्य रूप से पोलियो की खुराक पिलाएं, ताकि पोलियो जैसी गंभीर बीमारी से बच्चों को सुरक्षित रखा जा सके। उन्होंने बताया कि अभियान की नियमित निगरानी की जा रही है और जरूरत पड़ने पर अतिरिक्त टीम भी लगाई जाएगी।
स्वास्थ्यकर्मियों ने बताया कि अभियान को लेकर ग्रामीण क्षेत्रों में जागरूकता भी फैलाई जा रही है, ताकि अधिक से अधिक बच्चे पोलियो की खुराक से लाभान्वित हो सकें।













