बेतिया के कालीबाग मंदिर पोखरे में मिला युवक का शव, इलाके में सनसनी
बड़ी खबर बेतिया से है, जहां शहर के कालीबाग मंदिर परिसर स्थित पोखरे में एक युवक का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई है।
मंगलवार सुबह पोखरे के पानी में शव तैरता देख स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही कालीबाग थाना अध्यक्ष अजय चौधरी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और स्थानीय लोगों की मदद से शव को पोखरे से बाहर निकलवाया गया।
घटनास्थल के पास मंदिर गेट के समीप एक साइकिल भी मिली है, जिस पर एक बैग बंधा हुआ था। बैग की तलाशी लेने पर उसमें कपड़े और एक मोबाइल चार्जर बरामद हुआ। हालांकि, अब तक मृत युवक की पहचान नहीं हो सकी है और यह भी स्पष्ट नहीं हो पाया है कि वह किस क्षेत्र का रहने वाला था।
पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। साथ ही युवक की पहचान के लिए उसकी तस्वीर और उपलब्ध जानकारी सोशल मीडिया के माध्यम से साझा की जा रही है। पुलिस ने आम लोगों से अपील की है कि यदि कोई भी व्यक्ति मृतक की पहचान कर सके, तो तत्काल कालीबाग थाना से संपर्क करें।
फिलहाल पुलिस हर पहलू से मामले की जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और युवक की पहचान के बाद ही मौत के कारणों का स्पष्ट खुलासा हो सकेगा।













