बगहा। मानव तस्करी जैसे संगठित अपराध की रोकथाम और आमजन को जागरूक करने के उद्देश्य से बगहा पुलिस ने रविवार को विशेष जन-जागरूकता अभियान चलाया। बिहार पुलिस मुख्यालय, पटना के निर्देश पर पुलिस अधीक्षक राजेश कुमार के नेतृत्व में पुलिस जिला बगहा की मानव व्यापार निरोध इकाई (एएचटीयू) ने यह अभियान संचालित किया। अभियान का उद्देश्य लोगों को मानव तस्करी के खतरों, अपराधियों के हथकंडों और बचाव के उपायों की जानकारी देकर उन्हें सतर्क बनाना था।


अभियान के दौरान पुलिस अधिकारियों ने बताया कि मानव तस्कर अक्सर रोजगार, शिक्षा, बेहतर वेतन, शादी या विदेश भेजने जैसे आकर्षक प्रलोभन देकर लोगों को अपने जाल में फंसाने की कोशिश करते हैं। सबसे अधिक खतरा महिलाओं, बच्चों और आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों को रहता है। इसलिए किसी भी अनजान व्यक्ति पर बिना जांच-पड़ताल के भरोसा नहीं करना चाहिए।पुलिस ने लोगों से अपील की कि यदि कोई व्यक्ति नौकरी, पढ़ाई या अन्य किसी बहाने से बहला-फुसलाकर कहीं ले जाने का प्रयास करे या कोई गतिविधि संदिग्ध लगे तो इसकी सूचना तुरंत स्थानीय थाना या पुलिस हेल्पलाइन 112 पर दें। अधिकारियों ने भरोसा दिलाया कि सूचना देने वाले की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी। कार्यक्रम में पुलिस अधिकारियों ने मानव तस्करी से जुड़े कानूनी प्रावधानों और इसके सामाजिक दुष्प्रभावों की भी जानकारी दी। उन्होंने कहा कि केवल पुलिस की कार्रवाई से इस अपराध पर पूरी तरह अंकुश नहीं लगाया जा सकता, बल्कि समाज की सक्रिय भागीदारी भी जरूरी है। जागरूक नागरिक ही ऐसे अपराधों को रोकने में सबसे बड़ी भूमिका निभा सकते हैं।

अभियान के दौरान पुलिस उपाधीक्षक (यातायात), पुलिस अंचल निरीक्षक, रामनगर तथा अन्य पुलिस पदाधिकारी मौजूद रहे। अधिकारियों ने उपस्थित लोगों से अपने परिवार और आसपास के लोगों को भी इस अपराध के प्रति जागरूक करने की अपील की। पुलिस अधीक्षक राजेश कुमार ने कहा कि मानव तस्करी के खिलाफ बगहा पुलिस की कार्रवाई आगे भी लगातार जारी रहेगी। उन्होंने कहा कि जागरूकता, सतर्कता और समय पर सूचना ही इस अपराध के खिलाफ सबसे प्रभावी हथियार हैं। उन्होंने लोगों से अपील की कि किसी भी प्रकार के प्रलोभन में आने से बचें और संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तत्काल पुलिस को दें, ताकि समय रहते आवश्यक कार्रवाई की जा सके।













