बगहा। वाल्मीकि नगर थाना क्षेत्र के चम्पापुर गोनौली पंचायत अंतर्गत हरैयाकोट (शिवनाहा) गांव निवासी मजदूर मोहन मुंडा के गुजरात से घर लौटने के दौरान रहस्यमय ढंग से लापता होने का मामला सामने आया है। पति की तलाश में उनकी पत्नी श्रीदेवी तीन छोटे बच्चों के साथ दर-दर भटकने को मजबूर हैं। मामले को लेकर उन्होंने बगहा पुलिस अधीक्षक रामानंद कौशल से पति की खोजबीन कराने की गुहार लगाई है। पीड़िता द्वारा दिए गए आवेदन के अनुसार, मोहन मुंडा ठेकेदार रंजीत साह के माध्यम से गुजरात के मेहसाणा जिले में मजदूरी करने गए थे। 18 मई 2026 को वे गांव के अन्य मजदूरों के साथ गुजरात पहुंचे थे। 20 मई को उन्होंने फोन कर परिवार को अपने सकुशल होने की जानकारी दी थी।
आवेदन में बताया गया है कि 21 मई को तबीयत खराब होने के कारण मोहन मुंडा अपने कुछ साथियों के साथ घर लौटने के लिए रवाना हुए। 22 मई की सुबह करीब सात बजे उन्होंने पत्नी को फोन कर बताया कि वे जयपुर पहुंच चुके हैं। इसी दौरान बातचीत अचानक कट गई और उसके बाद से उनका मोबाइल फोन बंद हो गया। तब से उनका कोई पता नहीं चल सका है। परिजनों का कहना है कि मोहन मुंडा के साथ लौट रहे अन्य चार मजदूर सुरक्षित घर पहुंच गए, लेकिन मोहन अब तक लापता हैं। लगातार खोजबीन के बावजूद उनका कोई सुराग नहीं मिल पाया है। पत्नी ने आशंका जताई है कि उनके पति के साथ कोई अप्रिय घटना घटी हो सकती है। मामले को गंभीरता से लेते हुए युवा सामाजिक कार्यकर्ता नितेश ने भी पीड़ित परिवार की मदद के लिए आगे आकर पुलिस प्रशासन से त्वरित कार्रवाई की मांग की है। वहीं, पुलिस अधीक्षक रामानंद कौशल ने मामले की जांच कर आवश्यक कार्रवाई करने तथा संबंधित थाना को त्वरित जांच के निर्देश दिए हैं। अब परिवार को मोहन मुंडा की सकुशल बरामदगी और पुलिस जांच के परिणाम का इंतजार है।













