धनहा।बगहा पुलिस जिला अंतर्गत धनहा थाना की पुलिस ने मंगलवार की दोपहर शराब तस्करी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए यूपी से आर्मी लिखा हुआ कार में छिपाकर लाई जा रही 112 लीटर अंग्रेजी शराब की खेप बरामद की। पुलिस की कार्रवाई के दौरान कार सवार दो शराब तस्कर वाहन छोड़कर फरार हो गए।
पुलिस ने शराब के साथ कार को जब्त कर लिया है और फरार तस्करों की पहचान में जुटी है।धनहा थाना पुलिस के अनुसार, धनहा गौतम बुद्ध सेतु चेकपोस्ट पर प्रतिदिन की तरह मंगलवार को भी पुलिस टीम वाहनों की जांच कर रही थी। इसी दौरान यूपी की ओर से तेज रफ्तार में एक कार आती दिखाई दी। पुलिस टीम ने कार को रोकने का प्रयास किया, लेकिन चालक ने रुकने के बजाय वाहन को तेज गति से भगाना शुरू कर दिया।
इसके बाद पुलिस टीम ने कार का पीछा किया।पुलिस को पीछे आते देख कार सवार दोनों तस्कर नदी थाना चेकपोस्ट के समीप वाहन छोड़कर भाग निकले। दोनों तस्कर पास के गन्ने के खेत का फायदा उठाकर फरार होने में सफल रहे। इसके बाद पुलिस ने कार की तलाशी ली। तलाशी के दौरान कार के अंदर 13 कार्टून में छिपाकर रखी गई कुल 112 लीटर अंग्रेजी शराब बरामद हुई।पुलिस ने शराब की खेप के साथ कार को भी जब्त कर लिया।
खास बात यह है कि जब्त कार के आगे और पीछे आर्मी का स्टिकर लगा हुआ है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि तस्करों ने कार पर आर्मी का स्टिकर किस उद्देश्य से लगाया था।धनहा थानाध्यक्ष अमित कुमार सिंह ने बताया कि जब्त कार के कागजात के आधार पर फरार शराब तस्करों की पहचान की जा रही है। पुलिस मामले में आगे की कार्रवाई कर रही है और तस्करों की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर छापेमारी की जा रही है।



















