खरीफ सीजन से पहले भितहा प्रशासन सतर्क, खाद की कालाबाजारी पर होगी सख्त कार्रवाई
भितहा (पश्चिम चम्पारण): खरीफ फसलों की बुआई शुरू होने से पहले किसानों को समय पर खाद एवं बीज उपलब्ध कराने को लेकर भितहा प्रशासन पूरी तरह सक्रिय हो गया है। बुधवार को प्रखंड कार्यालय सभागार में प्रखंड स्तरीय उर्वरक निगरानी समिति की बैठक आयोजित की गई, जिसमें उर्वरकों की उपलब्धता, भंडारण, वितरण व्यवस्था तथा सरकारी दिशा-निर्देशों के पालन की विस्तृत समीक्षा की गई।
बैठक की अध्यक्षता प्रखंड कृषि पदाधिकारी अशोक कुमार मानी ने की। उन्होंने सभी लाइसेंसधारी उर्वरक विक्रेताओं को निर्देश दिया कि किसानों को निर्धारित दर पर गुणवत्तापूर्ण खाद उपलब्ध कराना सुनिश्चित करें। उन्होंने स्पष्ट चेतावनी दी कि बिना लाइसेंस उर्वरक बिक्री, खाद की कालाबाजारी या निर्धारित मूल्य से अधिक कीमत वसूलने की शिकायत मिलने पर संबंधित विक्रेता के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी। साथ ही सभी दुकानदारों को दुकान पर मूल्य सूची प्रदर्शित करने, स्टॉक रजिस्टर और दैनिक बिक्री का रिकॉर्ड नियमित रूप से संधारित करने का निर्देश दिया गया।
प्रखंड विकास पदाधिकारी कुमार प्रशांत एवं अंचलाधिकारी अमरदीप कुमार ने कहा कि किसानों के हितों की रक्षा प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। खाद की उपलब्धता और वितरण व्यवस्था पर लगातार निगरानी रखी जाएगी ताकि किसी भी किसान को खेती के दौरान परेशानी का सामना न करना पड़े।
बैठक में विधायक प्रतिनिधि पंकज कुशवाहा ने सुझाव दिया कि कृषि विभाग द्वारा उपलब्ध कराए जाने वाले बीज की सूचना समय रहते सभी पंचायतों तक पहुंचाई जाए, ताकि अधिक से अधिक किसान सरकारी योजनाओं का लाभ उठा सकें।

जिला परिषद प्रतिनिधि सुशील शर्मा, बीस सूत्री प्रखंड अध्यक्ष मुन्ना सिंह, प्रखंड प्रमुख प्रतिनिधि संजय निषाद एवं राजद प्रखंड अध्यक्ष शिवनारायण यादव ने खाद एवं बीज वितरण में पूर्ण पारदर्शिता बनाए रखने और किसी भी प्रकार की अनियमितता पर तत्काल कार्रवाई की आवश्यकता पर जोर दिया।
बैठक में कृषि समन्वयक अवनीश चंद मोहन, विनोद कुमार, विकास कुमार, किसान सलाहकार आशुतोष गुप्ता, रिंकी गुप्ता, राजेश कुमार शर्मा, कैलाश प्रसाद कुशवाहा, प्रमोद कुमार पाण्डेय, मुरली पाण्डेय, कृषि सखी रीमा देवी, विमला देवी, मुखिया प्रतिनिधि चंदन गुप्ता, समाजसेवी विवेक यादव सहित जनप्रतिनिधि एवं उर्वरक विक्रेता उपस्थित रहे।














