बगहा। पुलिस जिला बगहा के पिपरासी थाना क्षेत्र अंतर्गत भिलोरवा टोला गांव में शुक्रवार को उस समय सनसनी फैल गई, जब गांव के सरेह में एक 18 वर्षीय किशोरी का शव शीशम के पेड़ से संदिग्ध परिस्थितियों में लटका मिला। घटना की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। सूचना पर पहुंची पिपरासी थाना पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए बगहा अनुमंडलीय अस्पताल भेज दिया। मामले की जांच जारी है।
मृतका की पहचान गांव निवासी मुनिलाल सहनी की 18 वर्षीय पुत्री चुलबुली उर्फ गुड़िया के रूप में हुई है। मृतका के पिता ने बताया कि उनकी बेटी मंगलवार को गांव की चार-पांच अन्य लड़कियों के साथ मवेशियों के लिए चारा लाने खेत की ओर गई थी। शाम तक उसके साथ गई सभी लड़कियां घर लौट आईं, लेकिन गुड़िया वापस नहीं आई। इसके बाद परिजनों ने अपने स्तर पर काफी खोजबीन की, लेकिन उसका कोई पता नहीं चल सका।

शुक्रवार की सुबह गांव के कुछ लोग मवेशी चरा रहे थे। इसी दौरान उनकी नजर सरेह में स्थित एक शीशम के पेड़ से लटके शव पर पड़ी। सूचना मिलते ही गांव में यह खबर तेजी से फैल गई और मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस ने घटनास्थल पर पहुंचकर शव को नीचे उतरवाया और आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

पिपरासी थानाध्यक्ष राजीव कुमार शर्मा ने बताया कि भिलोरवा टोला के सरेह में युवती का शव पेड़ से लटका मिलने की सूचना पर पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची। प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का प्रतीत होता है, लेकिन पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों की पुष्टि हो सकेगी।

थानाध्यक्ष के अनुसार परिजनों ने बताया है कि पारिवारिक विवाद के बाद किशोरी मंगलवार को घर से निकली थी। यदि परिजनों की ओर से आवेदन प्राप्त होता है तो उसके आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की गहन जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के निष्कर्ष के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि युवती की मौत आत्महत्या का मामला है या इसके पीछे कोई अन्य कारण है।


















