बगहा। पश्चिम चंपारण जिले के बगहा अनुमंडल अंतर्गत चौतरवा थाना क्षेत्र के सिकटौर गांव में विवाह के महज तीन माह बाद एक नवविवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। घटना के बाद पूरे गांव में सनसनी फैल गई। सूचना मिलते ही चौतरवा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए अनुमंडलीय अस्पताल, बगहा भेज दिया। मृतका के मायके पक्ष ने दहेज की मांग पूरी नहीं होने पर गला दबाकर हत्या करने का आरोप लगाया है। फिलहाल पुलिस मामले की हर पहलू से जांच कर रही है।

मृतका की पहचान सिकटौर गांव निवासी मन्नू राम की 20 वर्षीय पत्नी शोनम कुमारी के रूप में हुई है। शोनम नवलपुर थाना क्षेत्र के सेमरी भवानीपुर गांव निवासी गोलू राम की पुत्री थीं। परिजनों के अनुसार दोनों का विवाह लगभग तीन माह पहले ही सामाजिक रीति-रिवाज के साथ हुआ था। शादी के कुछ ही समय बाद शोनम की मौत की खबर मिलने से दोनों परिवारों में मातम पसरा हुआ है। मृतका के चाचा कन्हैया राम, टुनटुन राम और ब्रजेश राम ने बताया कि उन्हें विवाह कराने वाले अगुआ सिकंदर राम ने फोन कर घटना की जानकारी दी। सूचना मिलते ही वे लोग शोनम के ससुराल पहुंचे। परिजनों का आरोप है कि वहां पहुंचने पर शोनम के गले और सीने पर चोट तथा कटने के निशान दिखाई दिए। उनका कहना है कि इन निशानों से यह मामला सामान्य मौत नहीं बल्कि हत्या का प्रतीत होता है।

मायके पक्ष का आरोप है कि विवाह के समय दहेज में अपाचे मोटरसाइकिल की मांग की गई थी। आर्थिक स्थिति कमजोर होने के कारण उन्होंने अपाचे के बजाय स्प्लेंडर बाइक दी थी। आरोप है कि इसी बात को लेकर ससुराल पक्ष लगातार शोनम को प्रताड़ित करता था और अतिरिक्त दहेज की मांग की जाती थी। परिजनों का कहना है कि दहेज की मांग पूरी नहीं होने पर उसकी गला दबाकर हत्या कर दी गई। इधर, चौतरवा थाना प्रभारी संतोष कुमार ने बताया कि घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करते हुए शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट, एफएसएल सहित अन्य उपलब्ध साक्ष्यों और जांच के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस सभी बिंदुओं पर जांच कर रही है और जांच पूरी होने के बाद दोषियों के विरुद्ध विधिसम्मत कार्रवाई की जाएगी।














