अनुमंडलीय अस्पताल, बगहा के परामर्शी (काउंसलर) रमेश रंजन को स्वास्थ्य सेवाओं में उत्कृष्ट योगदान के लिए राज्य स्तरीय सम्मान से सम्मानित किया गया।
पूरे बिहार से चयनित पांच श्रेष्ठ काउंसलरों में उनका चयन हुआ। उन्हें मंगलवार को पटना में आयोजित समारोह में सम्मान प्रदान किया गया। स्वास्थ्य विभाग की ओर से रमेश रंजन का चयन मरीजों को बेहतर परामर्श देने, स्वास्थ्य जागरूकता कार्यक्रमों में सक्रिय भूमिका निभाने तथा सेवा कार्यों में उत्कृष्ट प्रदर्शन के आधार पर किया गया।
उनकी इस उपलब्धि से अनुमंडलीय अस्पताल बगहा के चिकित्सकों और स्वास्थ्यकर्मियों में खुशी का माहौल है। सम्मान मिलने पर अनुमंडलीय अस्पताल के उपाधीक्षक डॉ. ए.के. तिवारी, शहरी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र के प्रभारी डॉ. के.बी.एन. सिंह, डॉ. विनय कुमार, डॉ. पुष्पराज, डॉ. विजय कुमार, डॉ. राजीव कुमार सहित अन्य चिकित्सकों एवं स्वास्थ्यकर्मियों ने उन्हें बधाई दी।
वहीं समाजसेवी विजय पांडेय, राकेश सिंह और विनोद कुशवाहा ने इसे बगहा के लिए गौरवपूर्ण उपलब्धि बताया। रमेश रंजन ने इस सम्मान का श्रेय अस्पताल प्रशासन, अपने सहकर्मियों और आम लोगों के सहयोग को दिया। उन्होंने कहा कि यह सम्मान उन्हें आगे भी पूरी निष्ठा और जिम्मेदारी के साथ स्वास्थ्य सेवाओं में बेहतर कार्य करने के लिए प्रेरित करेगा।













