नदी।।बगहा पुलिस जिला के नदी थाना कांड संख्या 37/22 से जुड़े NDPS (मादक पदार्थ) अधिनियम के मामले में लंबे समय से फरार चल रहे अप्रथमिकी अभियुक्त रोहित कुमार, पिता इन्द्रदेव राउत, निवासी नया बस्ती, वार्ड संख्या-01, रक्सौल के विरुद्ध गुरुवार को न्यायालय के आदेश पर कुर्की-जब्ती की कार्रवाई की गई।पुलिस के अनुसार, अभियुक्त मामला दर्ज होने के बाद से लगातार फरार चल रहा था।
उसकी गिरफ्तारी के लिए कई बार प्रयास किए गए, लेकिन सफलता नहीं मिलने पर न्यायालय द्वारा दंड प्रक्रिया संहिता की धारा 82 के तहत इश्तेहार चस्पा किया गया। इसके बावजूद अभियुक्त ने न तो न्यायालय में आत्मसमर्पण किया और न ही पुलिस के समक्ष उपस्थित हुआ। इसके बाद न्यायालय के निर्देशानुसार उसके विरुद्ध कुर्की-जब्ती की कार्रवाई की गई।कार्रवाई का नेतृत्व नदी थाना के थानाध्यक्ष दीपक कुमार ने किया।
अभियान में हरैया थाना पुलिस, पंचायती राज विभाग के सहायक सह मजिस्ट्रेट अभिनाश कुमार सिंह, नदी थाना के पुलिस पदाधिकारी तथा बड़ी संख्या में पुलिस बल शामिल रहा। पुलिस ने विधि-सम्मत प्रक्रिया का पालन करते हुए अभियुक्त की संपत्ति की कुर्की-जब्ती की कार्रवाई पूरी की।थानाध्यक्ष दीपक कुमार ने बताया कि न्यायालय के आदेश का पूर्णतःअनुपालन करते हुए यह कार्रवाई की गई है।उन्होंने कहा कि NDPS जैसे गंभीर मामलों में फरार अभियुक्तों के विरुद्ध पुलिस का अभियान लगातार जारी है। किसी भी आरोपी को कानून से बचने नहीं दिया जाएगा।
यदि अभियुक्त शीघ्र आत्मसमर्पण नहीं करते हैं तो उनके विरुद्ध न्यायालय के निर्देशानुसार आगे भी कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।उन्होंने आमजन से अपील करते हुए कहा कि यदि किसी फरार अभियुक्त के संबंध में कोई सूचना प्राप्त हो तो उसकी जानकारी तत्काल पुलिस को दें। सूचना देने वाले की पहचान पूर्णतः गोपनीय रखी जाएगी।





















