चौतरवा।नदी थाना पुलिस ने वाहन जांच अभियान के दौरान बड़ी कार्रवाई करते हुए एम्बुलेंस से भारी मात्रा में अवैध अंग्रेजी शराब बरामद की है। शराब की खेप उत्तर प्रदेश से बिहार लाई जा रही थी। पुलिस ने मौके से एम्बुलेंस चालक को गिरफ्तार कर वाहन को जब्त कर लिया है।जानकारी के अनुसार मंगलवार की देर शाम नदी थाना क्षेत्र के चेक पोस्ट पर एसआई राजकुमार सिंह पुलिस बल के साथ सघन वाहन जांच अभियान चला रहे थे। इसी दौरान एक एम्बुलेंस को रोककर तलाशी ली गई। जांच के क्रम में एम्बुलेंस के भीतर छिपाकर रखी गई 157.68 लीटर अंग्रेजी शराब बरामद हुई। पुलिस ने तत्काल चालक को हिरासत में लेकर एम्बुलेंस को जब्त कर लिया।गिरफ्तार चालक की पहचान रिजवान अंसारी, पिता इदरीस अंसारी, निवासी रामपुर भाट, थाना रामकोला, उत्तर प्रदेश के रूप में हुई है। प्रारंभिक जांच में पता चला कि शराब की खेप उत्तर प्रदेश से बिहार लाई जा रही थी। पुलिस पूरे नेटवर्क की जानकारी जुटाने में लगी है। पुलिस का कहना है कि अब तक शराब तस्कर विभिन्न प्रकार के वाहनों और सामानों में शराब छिपाकर तस्करी करते थे, लेकिन मरीजों को ले जाने वाली एम्बुलेंस का इस्तेमाल कर शराब की तस्करी का मामला सामने आने से पुलिस भी सतर्क हो गई है।नदी थानाध्यक्ष दीपक कुमार ने बताया कि वाहन जांच के दौरान एम्बुलेंस से 157.68 लीटर अवैध अंग्रेजी शराब बरामद की गई है। इस मामले में चालक को गिरफ्तार कर वाहन जब्त कर लिया गया है। आवश्यक कानूनी कार्रवाई पूरी करते हुए बुधवार को गिरफ्तार चालक को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया। उन्होंने कहा कि शराब तस्करी के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और इस अवैध कारोबार में संलिप्त किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा।




















