
बगहा। यात्रियों की लगातार बढ़ती भीड़ और लंबे समय से की जा रही मांग को देखते हुए रेलवे ने 15201/15202 पाटलिपुत्र-बगहा इंटरसिटी एक्सप्रेस में चार अतिरिक्त बोगियां जोड़ने का निर्णय लिया है। यह नई व्यवस्था 18 मई से लागू होगी। अतिरिक्त बोगियां जुड़ने के बाद ट्रेन अब 12 की जगह 16 कोच के साथ संचालित की जाएगी। रेलवे के इस फैसले से बगहा सहित आसपास के क्षेत्रों के हजारों यात्रियों को काफी राहत मिलने की उम्मीद है। मंडल रेल उपयोगकर्ता परामर्शदात्री समिति के सदस्य राकेश सिंह ने जानकारी देते हुए बताया कि वाल्मीकि नगर लोकसभा क्षेत्र के सांसद सुनील कुमार ने यात्रियों की परेशानियों को गंभीरता से लेते हुए रेल मंत्री से मुलाकात कर पाटलिपुत्र-बगहा इंटरसिटी एक्सप्रेस में यात्री सुविधाओं के विस्तार की मांग की थी। सांसद ने ट्रेन में बढ़ती भीड़, यात्रियों को हो रही परेशानी और सफर के दौरान होने वाली दिक्कतों को रेल मंत्रालय के समक्ष प्रमुखता से रखा था। रेल मंत्रालय ने सांसद की मांग पर सकारात्मक पहल करते हुए चार अतिरिक्त बोगियां जोड़ने की स्वीकृति दे दी है। सांसद सुनील कुमार ने इस फैसले पर रेल मंत्री का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इससे क्षेत्र के लोगों को राजधानी पटना तक यात्रा करने में बड़ी सुविधा मिलेगी। गौरतलब है कि बीते 23 मार्च को दिल्ली में रेल मंत्री से हुई मुलाकात के दौरान सांसद ने इंटरसिटी एक्सप्रेस में अतिरिक्त बोगियां बढ़ाने, एसी कोच जोड़ने तथा शौचालय सुविधाओं में सुधार की मांग उठाई थी। अब अतिरिक्त बोगियां जुड़ने से ट्रेन में यात्रियों की भीड़ कम होगी और सफर अधिक आरामदायक बन सकेगा। स्थानीय लोगों और नियमित यात्रियों ने रेलवे के इस निर्णय का स्वागत करते हुए इसे जनहित में उठाया गया सराहनीय कदम बताया है।




