मानव तस्करी, साइबर अपराध, महिला सुरक्षा व कानूनी अधिकारों पर पुलिस अधिकारियों ने दी विस्तृत जानकारी

चौतरवा।शनिवार को चौतरवा स्थित श्री हरिहर उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में मानव व्यापार निरोध इकाई द्वारा जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मानव व्यापार निरोध इकाई के प्रभारी लालन कुमार ने छात्र-छात्राओं को मानव तस्करी, साइबर अपराध, महिला सुरक्षा, बाल संरक्षण तथा विभिन्न कानूनी प्रावधानों की जानकारी देते हुए सतर्क रहने का संदेश दिया। इस अवसर पर टीम सदस्य कामेश कुमार, महिला थानाध्यक्ष रूबी कुमारी, चौतरवा थाना की पुलिस दीदी आभा कुमारी तथा प्रभारी थानाध्यक्ष महेश कुमार भी मौजूद रहे। कार्यक्रम में विद्यालय के सैकड़ों छात्र-छात्राओं के साथ शिक्षक-शिक्षिकाओं ने भाग लिया।मानव व्यापार निरोध इकाई के प्रभारी लालन कुमार ने कहा कि पुलिस विभाग द्वारा "नया सवेरा" अभियान चलाया जा रहा है। इसके तहत जिले के विभिन्न स्कूलों और शिक्षण संस्थानों में पहुंचकर बच्चों को मानव तस्करी, साइबर अपराध, महिला सुरक्षा, बाल अधिकार तथा अन्य महत्वपूर्ण कानूनों के प्रति जागरूक किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि बच्चों को अपराधियों के झांसे से बचाने, ऑनलाइन ठगी से सतर्क रहने तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की तत्काल सूचना पुलिस को देने के लिए प्रेरित किया जा रहा है। साथ ही विद्यालयों में विद्यार्थियों को आने वाली समस्याओं के समाधान के लिए भी पुलिस लगातार प्रयासरत है।
विद्यालय के प्रधानाचार्य संजय प्रसाद गुप्ता ने कहा कि इस प्रकार के जागरूकता कार्यक्रम विद्यार्थियों के लिए अत्यंत उपयोगी हैं। इससे बच्चों में कानून के प्रति जागरूकता बढ़ती है और वे अपनी सुरक्षा के प्रति अधिक सजग होते हैं। उन्होंने पुलिस विभाग की इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि भविष्य में भी ऐसे कार्यक्रम आयोजित किए जाने चाहिए, ताकि विद्यार्थी समाज में होने वाले अपराधों के प्रति सचेत रह सकें और सुरक्षित वातावरण का निर्माण हो सके।
कार्यक्रम के अंत में छात्र-छात्राओं ने अधिकारियों से विभिन्न विषयों पर प्रश्न पूछे, जिनका पुलिस अधिकारियों ने सरल भाषा में उत्तर देकर उनकी शंकाओं का समाधान किया। विद्यालय परिवार ने पुलिस विभाग का आभार व्यक्त करते हुए इस अभियान को समाजहित में महत्वपूर्ण पहल बताया।














