बगहा। महान दार्शनिक, आध्यात्मिक गुरु एवं युवा प्रेरणास्रोत स्वामी विवेकानंद की पुण्यतिथि के अवसर पर समाजसेवी दिनेश अग्रवाल ने श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए उनके राष्ट्र निर्माण में दिए गए योगदान को याद किया। इस अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में उन्होंने स्वामी विवेकानंद के विचारों और देशहित में किए गए कार्यों पर विस्तार से प्रकाश डाला।
दिनेश अग्रवाल ने कहा कि स्वामी विवेकानंद ने भारतीय संस्कृति, आध्यात्मिकता और मानव सेवा के संदेश को विश्व स्तर पर स्थापित किया। उन्होंने युवाओं को राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने की प्रेरणा दी तथा आत्मविश्वास, चरित्र निर्माण और समाज सेवा को जीवन का मूल मंत्र बताया।
उन्होंने कहा कि आज के दौर में स्वामी विवेकानंद के विचार पहले से अधिक प्रासंगिक हैं। युवाओं को उनके आदर्शों को अपनाकर समाज और राष्ट्र के विकास में योगदान देना चाहिए। कार्यक्रम के दौरान उपस्थित लोगों ने स्वामी विवेकानंद के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी तथा उनके बताए मार्ग पर चलने का संकल्प लिया।
वक्ताओं ने कहा कि स्वामी विवेकानंद का जीवन त्याग, सेवा और राष्ट्रभक्ति का अनुपम उदाहरण है। उनके विचार आने वाली पीढ़ियों को सदैव प्रेरित करते रहेंगे। कार्यक्रम का समापन राष्ट्र के विकास और सामाजिक समरसता के संदेश के साथ हुआ। इस दौरान प्रो. अरविंद नाथ तिवारी, माधवेंद्र पांडेय, नरेंद्र पांडेय, संजीव तिवारी, दयाशंकर सिंह,मुन्ना सिंह तथा जितेंद्र कुमार सहित दर्जनों गणमान्यों ने श्रद्धांजलि दी।













