लौरिया के पड़री गांव में पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए एक युवक को देसी कट्टा और चार जिंदा कारतूस के साथ गिरफ्तार
किया है। आरोपित की पहचान गांव निवासी नंदलाल पटेल के पुत्र देवेंद्र पटेल के रूप में हुई है। पुलिस को सूचना मिली थी कि उसके घर में अवैध हथियार और कारतूस छिपाकर रखे गए हैं। सूचना के सत्यापन के बाद पुलिस टीम ने एसपी के निर्देश पर छापेमारी की।
नरकटियागंज एसडीपीओ जयप्रकाश सिंह के नेतृत्व में थानाध्यक्ष इंद्रजीत पासवान, दारोगा जयशल कुमार, पीएसआई सुधीर कुमार सुग्रीव और सशस्त्र बल घर पहुंचे। पुलिस ने देवेंद्र के कमरे की तलाशी ली। इस दौरान टीन के बक्से से एक देसी कट्टा और चार जिंदा कारतूस बरामद किए गए। हथियार बरामद होते ही पुलिस ने देवेंद्र को हिरासत में ले लिया और बरामद सामान थाना ले आई।
पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि आरोपित ने हथियार किससे हासिल किया था और इसे घर में छिपाकर रखने की वजह क्या थी। पुलिस ने बताया कि सभी पहलुओं की जांच के बाद एफआईआर दर्ज कर आरोपित को न्यायिक हिरासत में भेजने की कार्रवाई की जाएगी।



















