एसपी राजेश कुमार ने धनहा पुलिस निरीक्षक कार्यालय का किया औचक निरीक्षण, इंस्पेक्टर व थानाध्यक्ष को दिए आवश्यक निर्देश
बगहा, बगहा पुलिस अधीक्षक राजेश कुमार ने धनहा पुलिस निरीक्षक कार्यालय का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने पुलिस निरीक्षक (इंस्पेक्टर) रमाकांत तिवारी एवं धनहा थानाध्यक्ष अमित कुमार सिंह की मौजूदगी में लंबित कांडों की समीक्षा की तथा पुराने मामलों के शीघ्र निष्पादन, अनुसंधान में तेजी और गुणवत्ता बनाए रखने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान एसपी ने थाना अभिलेखों, संचिकाओं के रख-रखाव, कार्यालय व्यवस्था तथा थाना परिसर की साफ-सफाई का भी बारीकी से जायजा लिया। उन्होंने रिकॉर्ड संधारण को व्यवस्थित रखने और पुलिस कार्यों में पारदर्शिता एवं दक्षता सुनिश्चित करने पर विशेष जोर दिया।

एसपी राजेश कुमार ने पुलिस पदाधिकारियों को निर्देश दिया कि आमजन के साथ हमेशा सौहार्दपूर्ण, संवेदनशील और सम्मानजनक व्यवहार करें। उन्होंने पंचायत प्रतिनिधियों एवं स्थानीय नागरिकों के साथ बेहतर समन्वय स्थापित कर क्षेत्र में विधि-व्यवस्था एवं शांति बनाए रखने पर बल दिया।
उन्होंने स्पष्ट कहा कि यदि किसी पुलिस पदाधिकारी या कर्मी के विरुद्ध पुलिस की छवि धूमिल करने वाली शिकायत प्राप्त होती है, तो उसे गंभीरता से लेते हुए नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।
निरीक्षण के दौरान इंस्पेक्टर रमाकांत तिवारी एवं थानाध्यक्ष अमित कुमार सिंह को लंबित मामलों के त्वरित निष्पादन, गुणवत्तापूर्ण अनुसंधान तथा बेहतर पुलिसिंग सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। बगहा पुलिस का यह औचक निरीक्षण थाना स्तर पर पुलिस व्यवस्था को अधिक प्रभावी, जवाबदेह एवं जनहितैषी बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।



















