बगहा। बगहा पुलिस द्वारा मानव तस्करी, बाल श्रम और बंधुआ मजदूरी जैसे गंभीर अपराधों की रोकथाम के लिए "ऑपरेशन नया सवेरा-3.0" के तहत जन-जागरूकता अभियान लगातार चलाया जा रहा है। 18 जुलाई से 25 जुलाई 2026 तक चलने वाले इस विशेष अभियान के तहत रामनगर थाना क्षेत्र स्थित राजकीय पार्वती कन्या मध्य विद्यालय में पुलिस अधीक्षक बगहा के नेतृत्व में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया।


कार्यक्रम में छात्र-छात्राओं एवं शिक्षक-शिक्षिकाओं को मानव तस्करी, बाल श्रम और बंधुआ मजदूरी के दुष्परिणामों, इनसे संबंधित कानूनी प्रावधानों तथा बचाव के उपायों की विस्तृत जानकारी दी गई। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल मानव व्यापार निरोध इकाई (AHTU), नजदीकी थाना अथवा पुलिस नियंत्रण कक्ष, बगहा को देने से ऐसे अपराधों पर प्रभावी रोक लगाई जा सकती है।
बगहा पुलिस विभिन्न शैक्षणिक संस्थानों एवं स्वयंसेवी संगठनों के सहयोग से लगातार जागरूकता कार्यक्रम आयोजित कर रही है, ताकि समाज को मानव तस्करी के विभिन्न स्वरूपों और उससे बचाव के उपायों के प्रति सचेत किया जा सके।
इस अवसर पर पुलिस उपाधीक्षक (यातायात), पुलिस उपाधीक्षक (रक्षित) तथा मानव व्यापार निरोध इकाई (AHTU) की टीम मौजूद रही। अभियान के दौरान छात्र-छात्राओं से सतर्क रहने, अनजान लोगों के झांसे में न आने तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तुरंत पुलिस को देने की अपील की गई।













