
बगहा। पटखौली थाना क्षेत्र के तिरहुत नहर बरवल स्थित छलका के समीप स्नान करने के दौरान लापता हुए 13 वर्षीय किशोर तुलसी कुमार का दूसरे दिन भी कोई सुराग नहीं मिल सका। शुक्रवार को भी एसडीआरएफ, स्थानीय प्रशासन और ग्रामीणों की मदद से घंटों खोजबीन अभियान चलाया गया, लेकिन देर शाम तक सफलता हाथ नहीं लगी। घटना के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है, जबकि पूरे इलाके में चिंता का माहौल बना हुआ है। जानकारी के अनुसार नगर परिषद बगहा वार्ड संख्या-29 बनकटवा निवासी अनूप सहनी का पुत्र तुलसी कुमार गुरुवार को अपने दोस्तों के साथ नहर में स्नान करने गया था। इसी दौरान वह गहरे पानी में चला गया और देखते ही देखते लापता हो गया। साथ मौजूद बच्चों द्वारा शोर मचाने पर ग्रामीण मौके पर पहुंचे और स्थानीय तैराकों की सहायता से उसकी तलाश शुरू की गई, लेकिन कोई सफलता नहीं मिली। घटना की सूचना मिलने पर पटखौली थाना पुलिस और बगहा दो के अंचलाधिकारी मो. वसीम अकरम मौके पर पहुंचे थे। प्रशासन द्वारा तत्काल एसडीआरएफ टीम को बुलाया गया। शुक्रवार को दूसरे दिन भी एसडीआरएफ की टीम ने नहर और आसपास के गहरे डोभ क्षेत्रों में सघन खोज अभियान चलाया। टीम ने कई स्थानों पर जाल डालकर और पानी में उतरकर तलाश की, लेकिन किशोर का अब तक पता नहीं चल सका। अंचलाधिकारी मो. वसीम अकरम ने बताया कि नहर में पानी का स्तर कम होने के कारण मोटर बोट चलाने में परेशानी हो रही है। इसके अलावा पुराने डोभ में मगरमच्छ होने की आशंका के कारण भी राहत एवं बचाव कार्य काफी सावधानी से किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि प्रशासन पूरी गंभीरता के साथ खोज अभियान चला रहा है और जब तक किशोर का पता नहीं चल जाता, अभियान जारी रहेगा। बताया गया कि तुलसी कुमार पिछले चार दिनों से अपने मामा के घर बरवल गांव आया हुआ था। घटना के बाद से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। ग्रामीण भी लगातार मौके पर डटे हुए हैं और बच्चे के सकुशल मिलने की दुआ कर रहे हैं। वहीं पुलिस प्रशासन लोगों से अफवाहों पर ध्यान नहीं देने और सहयोग बनाए रखने की अपील कर रहा है।













