मझौलिया। थाना क्षेत्र के सरिसवा–पिपरपाती मुख्य मार्ग के किनारे बरवा गांव के समीप झाड़ी में मंगलवार दोपहर एक महिला का सड़ा-गला शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। चारा काटने गए ग्रामीणों की नजर शव पर पड़ते ही उन्होंने इसकी सूचना मझौलिया पुलिस को दी। सूचना मिलते ही थानाध्यक्ष अमर कुमार, सदर-1 एसडीपीओ अजित कुमार तथा एफएसएल की टीम मौके पर पहुंचकर जांच में जुट गई।पुलिस ने शव की पहचान बरवा वार्ड संख्या-9 निवासी ननकी साह की 35 वर्षीय पत्नी मायना देवी के रूप में की है।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। घटना के बाद गांव में तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं।सदर-1 एसडीपीओ अजित कुमार ने बताया कि महिला का शव सड़क किनारे झाड़ी से बरामद हुआ है। शव काफी हद तक सड़-गल चुका है तथा शरीर पर जख्म के निशान भी मिले हैं। एफएसएल टीम घटनास्थल से साक्ष्य जुटा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और वैज्ञानिक जांच के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा।

पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है।परिजनों के अनुसार, मृतका के पति ननकी साह पंजाब में रहकर मजदूरी करते हैं। मायना देवी अपने पीछे दो पुत्र और एक पुत्री छोड़ गई हैं, जो अभी छोटे हैं। घटना की सूचना मिलने के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो सका है कि महिला की मौत किन परिस्थितियों में हुई। पुलिस मामले की हर बिंदु पर गहनता से जांच कर रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है।



















