बगहा। नगर परिषद कार्यालय में मंगलवार को सशक्त स्थायी समिति की बैठक कार्यपालक पदाधिकारी सरोज कुमार वर्मा की अध्यक्षता में संपन्न हुई। बैठक में नगर विकास से जुड़े कई महत्वपूर्ण मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की गई। संचालन समिति सदस्य जितेंद्र राव उर्फ पप्पू राव ने बैठक का संचालन किया। बैठक का प्रमुख एजेंडा एक लाख रुपये तक की लागत वाली नाली, पीसीसी सड़क और अन्य मरम्मत कार्यों के लिए प्राप्त 22 निविदाओं पर विचार करना रहा। समिति ने निर्णय लिया कि सभी आवेदनों के दस्तावेजों की बारीकी से जांच की जाएगी। जांच के बाद निर्धारित मानकों पर खरे उतरने वाले 10 योग्य संवेदकों का चयन किया जाएगा। यदि पात्र आवेदकों की संख्या तय सीमा से अधिक होती है तो पूरी प्रक्रिया को पारदर्शी बनाए रखने के लिए लॉटरी प्रणाली के माध्यम से अंतिम चयन किया जाएगा।
बैठक में मानसून के दौरान नगर के विभिन्न वार्डों में जलजमाव की समस्या पर भी गंभीर चिंता व्यक्त की गई। अधिकारियों को निर्देश दिया गया कि जल निकासी व्यवस्था की व्यापक समीक्षा कर ऐसे स्थायी उपाय किए जाएं, जिससे बारिश के समय लोगों को परेशानी का सामना न करना पड़े। नालों की नियमित सफाई और अवरुद्ध जल निकासी मार्गों को शीघ्र दुरुस्त करने पर भी जोर दिया गया। मच्छरों के बढ़ते प्रकोप और संभावित संक्रामक बीमारियों की आशंका को देखते हुए पूरे नगर क्षेत्र में नियमित फॉगिंग अभियान चलाने तथा कीटनाशक दवाओं का छिड़काव तेज करने के निर्देश दिए गए। स्वच्छता पदाधिकारी अब्दुल बाकी को सफाई व्यवस्था की लगातार निगरानी करने और सभी वार्डों में विशेष अभियान चलाकर साफ-सफाई सुनिश्चित करने को कहा गया।

बैठक के दौरान नगर की आधारभूत सुविधाओं को बेहतर बनाने, विकास कार्यों में पारदर्शिता बनाए रखने और नागरिकों को समय पर सुविधाएं उपलब्ध कराने पर भी चर्चा हुई। इस अवसर पर नगर परिषद की सभापति पुष्पा गुप्ता, उपसभापति रश्मि रंजन, सहायक अभियंता श्वेता कुमारी, नगर प्रबंधक चंदन कुमार सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।













