बगहा एसपी राजेश कुमार का गोवर्धना व चिउटाहा थाना पर औचक निरीक्षण, लंबित कांडों के शीघ्र निष्पादन के दिए निर्देश
बगहा पुलिस अधीक्षक राजेश कुमार ने बुधवार को गोवर्धना एवं चिउटाहा थाना का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान थाना में लंबित कांडों की गहन समीक्षा करते हुए अनुसंधान में तेजी लाने, गुणवत्ता बनाए रखने तथा इस माह सभी लंबित मामलों का शीघ्र निष्पादन सुनिश्चित करने के लिए संबंधित पुलिस पदाधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान एसपी ने थाना स्तर पर पुलिसिंग को और अधिक प्रभावी बनाने पर जोर देते हुए आम नागरिकों के साथ सौहार्दपूर्ण एवं सम्मानजनक व्यवहार करने की हिदायत दी। साथ ही पंचायत जनप्रतिनिधियों एवं स्थानीय लोगों के साथ बेहतर समन्वय स्थापित कर क्षेत्र में विधि-व्यवस्था एवं शांति बनाए रखने का निर्देश दिया।
पुलिस अधीक्षक राजेश कुमार ने स्पष्ट कहा कि किसी भी पुलिस पदाधिकारी या कर्मी के विरुद्ध पुलिस की छवि धूमिल करने वाली शिकायत प्राप्त होने पर उसे गंभीरता से लिया जाएगा तथा नियमानुसार सख्त कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
एसपी के औचक निरीक्षण से थाना स्तर पर कार्यप्रणाली में सुधार, लंबित मामलों के त्वरित निष्पादन तथा जनसरोकारों से जुड़ी पुलिसिंग को और अधिक प्रभावी बनाने की उम्मीद जताई जा रही है।














