चंद्रपुर पीपी तटबंध पर पहुंचे विधायक सुरेन्द्र कुशवाहा, बाढ़ से बचाव की तैयारियों का लिया जायजा
बगहा,भितहा। मानसून सत्र के मद्देनजर वाल्मीकिनगर विधानसभा क्षेत्र के कांग्रेस विधायक सुरेन्द्र प्रसाद कुशवाहा ने बुधवार को चंद्रपुर स्थित पीपी तटबंध का निरीक्षण कर बाढ़ सुरक्षा व्यवस्थाओं की समीक्षा की। इस दौरान उन्होंने संबंधित अधिकारियों को तटबंधों की नियमित निगरानी करने और आवश्यक संसाधनों को पूरी तरह तैयार रखने का निर्देश दिया।
निरीक्षण के दौरान विधायक ने कहा कि बरसात के मौसम में तटबंधों की मजबूती और सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखना प्रशासन की प्राथमिक जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि संभावित बाढ़ की स्थिति से निपटने के लिए सभी विभागों को समन्वय स्थापित कर सक्रिय रूप से कार्य करना चाहिए, ताकि लोगों की जान-माल की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।
विधायक ने स्थानीय ग्रामीणों से बातचीत कर उनकी समस्याओं और सुझावों को भी सुना। उन्होंने भरोसा दिलाया कि क्षेत्र के विकास और सुरक्षा से जुड़े हर मुद्दे को गंभीरता से लिया जाएगा तथा जनहित में हरसंभव कदम उठाए जाएंगे।
इस अवसर पर समाजसेवी गब्बर कुशवाहा, सुरेश गुप्ता, स्थानीय जनप्रतिनिधि, कार्यकर्ता एवं सिंचाई विभाग के अधिकारी उपस्थित रहे।













