नगर परिषद के कार्यपालक पदाधिकारी (ईओ) की हत्या के विरोध में सोमवार को बगहा नगर परिषद के वार्ड पार्षदों एवं कर्मियों ने कार्य का बहिष्कार कर विरोध प्रदर्शन किया। प्रदर्शन के दौरान सभी ने दिवंगत ईओ को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए घटना की निष्पक्ष जांच कराने तथा दोषियों के विरुद्ध कड़ी कानूनी कार्रवाई की मांग की।
प्रदर्शनकारियों ने कहा कि मामले की निष्पक्ष जांच कर सच्चाई सामने लाई जाए । ताकि दोषियों को जल्द से जल्द कठोर सजा मिल सके। वार्ड पार्षदों ने नगर निकायों के प्रशासनिक कार्यों में बाहरी हस्तक्षेप पर भी चिंता जताई। उनका कहना था कि अनावश्यक हस्तक्षेप के कारण अधिकारियों पर दबाव बढ़ता है। जिससे कार्य संस्कृति प्रभावित होती है।
उन्होंने सरकार से नगर निकाय के अधिकारियों एवं कर्मचारियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने तथा बाहरी हस्तक्षेप पर प्रभावी रोक लगाने की मांग की।विरोध प्रदर्शन के कारण कुछ समय तक नगर परिषद का नियमित कार्य प्रभावित रहा। प्रदर्शनकारियों ने चेतावनी दी कि जब तक घटना की निष्पक्ष जांच और दोषियों पर सख्त कार्रवाई का भरोसा नहीं मिलता, उनका विरोध जारी रहेगा।इस अवसर पर वार्ड पार्षद संजय यादव, मोहम्मद इमरान, मोहम्मद गयासुद्दीन, डब्बू उपाध्याय, जितेंद्र कुशवाहा, राकेश कुमार, मोबिन मियां सहित नगर परिषद के पदाधिकारी एवं कर्मी मौजूद रहे।



















